महिला सम्मान योजना पर भाजपा आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल द्वारा दिल्ली में महिला सम्मान योजना शुरू करने की घोषणा के बाद भाजपा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने एक बार फिर दिल्ली की जनता को झूठे वादों से गुमराह करने की कोशिश की है।
दिल्ली भाजपा नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह वही केजरीवाल हैं जिन्होंने 2 साल पहले पंजाब की बहनों को ₹1000 प्रति माह देने का वादा किया था। लेकिन आज तक किसी भी बहन के खाते में ₹1 भी नहीं पहुंचा। दिल्ली में भी लोकसभा चुनाव से पहले आप ने अक्टूबर तक सभी के खातों में पैसे ट्रांसफर करने का झूठा वादा किया था, लेकिन सच्चाई यह है कि वह वादा भी खोखला निकला। चुनाव आते ही केजरीवाल और उनकी पार्टी झूठे वादों का जाल बुनना शुरू कर देती है। लेकिन अब जनता इनके इरादों को समझ चुकी है और इस बार वो इनके झांसे में आने वाली नहीं है, झूठ और फरेब की राजनीति अब नहीं चलेगी।
दक्षिणी दिल्ली से भाजपा सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि इन झूठे और धोखेबाजों पर कोई कैसे विश्वास कर सकता है! 4 मार्च 2024 को बजट पेश करते समय बतौर वित्त मंत्री आतिशी ने खुद इस योजना की घोषणा की थी, लेकिन अब चुनाव से ठीक पहले इसे लागू करने की घोषणा की गई है।
लोकसभा चुनाव में भी फॉर्म भरे गए थे और कहा गया था कि इससे महिलाओं को एक हजार रुपये प्रति माह मिलेंगे, लेकिन न केवल वे लोकसभा चुनाव बुरी तरह हार गए, बल्कि इस योजना को भी भूल गए। 2022 में उन्होंने लोगों से यही वादा करके पंजाब की सत्ता भी हासिल कर ली, लेकिन चुनाव जीतने के बाद भी पंजाब की जनता वादा पूरा होने का इंतजार कर रही है। वहां भी चुनावी हथकंडे के तौर पर 2027 में इसे पूरा करने का झूठा वादा किया जाएगा।