मल्कानगिरि (ओडिशा), बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शुक्रवार को केंद्र में सत्तारूढ़ भाजपा पर अपने राजनीतिक हितों की रक्षा के लिए आदिवासियों के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। ओडिशा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पटनायक ने पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश में जारी पोलावरम परियोजना के खिलाफ एक विरोध रैली को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए यह टिप्पणी की।
मल्कानगिरि जिले के मोतू में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में ओडिशा आंध्र प्रदेश छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के 14 आदिवासी संगठनों ने भाग लिया। रैली ‘ज्वाइंट एक्शन कमेटी ऑन पोलावरम’ ने आयोजित की थी।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर आदिवासियों के लिए न्याय की उनकी पार्टी की मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए पटनायक ने दावा किया कि केंद्र सरकार भाजपा के राजनीतिक हितों की पूर्ति के लिए पोलावरम परियोजना को वित्त पोषित कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा आदिवासियों कल्याण की कीमत पर आंध्र प्रदेश सरकार का समर्थन कर रही है क्योंकि पड़ोसी राज्य में सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) की सहयोगी है।
पटनायक ने कहा यह स्पष्ट है कि भाजपा के लिए राजनीतिक हित आदिवासियों के हितों से अधिक महत्वपूर्ण हैं।” उन्होंने कहा कि पोलावरम परियोजना से ओडिशा छत्तीसगढ़ आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के आदिवासियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common