आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि वह हरियाणा विधानसभा चुनाव में राज्य की सभी 90 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, आप महासचिव संदीप पाठक, आप राज्यसभा सांसद संजय सिंह, आप हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष सुशील गुप्ता और आप हरियाणा प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। संजय सिंह ने कहा कि आप ने दिल्ली और पंजाब में अपना काम करके दिखाया है। अब आप यह सुनिश्चित करेगी कि हरियाणा के युवाओं और किसानों को उनका हक मिले।
भगवंत मान ने कहा, “हरियाणा की जनता राज्य में बदलाव चाहती है और उन्होंने हमसे यहां चुनाव लड़ने का अनुरोध किया है। हम आगामी विधानसभा चुनाव पूरी ताकत से लड़ेंगे।” संदीप पाठक ने कहा कि हरियाणा की जनता निराश है। उन्होंने सभी पार्टियों को मौका दिया और पार्टियों ने उन्हें सिर्फ धोखा दिया। जनता अब बदलाव चाहती है। लोगों के पास एकमात्र विकल्प अरविंद केजरीवाल है, जो हरियाणा के बेटे हैं और उन्होंने दिल्ली और पंजाब में अच्छा काम किया है। पाठक ने कहा, “आम आदमी पार्टी हरियाणा में ऐसा चुनाव लड़ेगी जिसे दुनिया देखेगी।
ऐसा चुनाव हरियाणा में न कभी लड़ा गया है और न ही लड़ा जाएगा। हम यहां सरकार बनाने के लिए चुनाव लड़ेंगे। हमने अब तक 6500 गांवों में बदलाव के लिए जनसंवाद किया है। इसमें जनता हमें यही कह रही है कि किसी भी तरह से बदलाव लाओ। हरियाणा की जनता अपने बेटे अरविंद केजरीवाल की तरफ बड़ी उम्मीद से देख रही है।” हरियाणा विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर 2024 को खत्म होना है और इसी साल चुनाव होंगे।