उच्चतम न्यायालय ने उच्च न्यायालय से आरसीए में महिला कोटा से जुड़ी याचिकाओं पर फैसला लेने को कहा

नयी दिल्ली, उच्चतम न्यायालय ने राजस्थान उच्च न्यायालय से कहा कि वह राज्य क्रिकेट संघ में महिलाओं के आरक्षण से जुड़ी याचिकाओं पर सात दिसंबर को फैसला देने का प्रयास करे।

इससे पहले 29 सितंबर को मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत और न्यायाधीश जॉयमाल्या बागची और वी मोहना की एक पीठ ने राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के चुनाव पर रोक लगाने से इनकार कर दिया था लेकिन यह निर्देश दिया कि चुनाव के नतीजे घोषित नहीं किए जायें ।

एक पूर्व महिला क्रिकेटर की याचिका पर यह फैसला आया था जिन्होंने आरोप लगाया कि आरसीए चुनाव में एक भी महिला मतदाता या उम्मीदवार नहीं है । शुक्रवार को सीनियर एडवोकेट मनन कुमार मिश्रा ने पीठ को बताया कि निर्देशों के अनुसार वह उच्च न्यायालय गए थे लेकिन वहां कई हस्तक्षेप याचिकायें दायर की गई हैं ।

परिणाम घोषित करने के लिए निर्देश की मांग करते हुए उन्होंने कहा कि इस बात कि बहुत कम संभावना है कि सात दिसंबर को कोई फैसला आ पाएगा। उसी दिन उच्च न्यायालय में इस मामले पर अगली सुनवाई होगी ।

मुख्य न्यायाधीश ने उच्च न्यायालय से अनावश्यक हस्तक्षेप याचिकाओं को अनदेखा करके आरसीए में महिला आरक्षण के मुख्य मसले पर सात दिसंबर को फैसला देने के लिये कहा ।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common