एशिया में एक प्रमुख शक्ति के रूप में भारत की स्थिति मजबूत: लोवी इंस्टीट्यूट का 2026 एशिया पावर इंडेक्स

लोवी इंस्टीट्यूट द्वारा जारी ‘2026 एशिया पावर इंडेक्स’ में भारत ने एशिया में एक प्रमुख शक्ति के रूप में अपनी स्थिति मजबूत की है और तीसरा स्थान हासिल किया है। भारत का कुल ‘कॉम्प्रिहेंसिव पावर स्कोर’ 40.5 अंक रहा, जो अमेरिका (78.9) और चीन (73.6) के बाद आता है।इस इंडेक्स में भारत एकमात्र ऐसा देश है जिसे ‘प्रमुख शक्ति’ (major power) के रूप में वर्गीकृत किया गया है, जबकि अमेरिका और चीन को ‘महाशक्ति’ (superpower) की श्रेणी में रखा गया है।

जापान 38.6 अंकों के साथ चौथे स्थान पर है, जिसके बाद रूस (32.2), ऑस्ट्रेलिया (31.7) और दक्षिण कोरिया (31) का नंबर आता है।लोवी इंस्टीट्यूट के अनुसार, 2018 में ‘एशिया पावर इंडेक्स’ की शुरुआत के बाद से भारत और चीन के बीच शक्ति का अंतर अब अपने सबसे निचले स्तर पर आ गया है। हालांकि, चीन की कुल शक्ति (कॉम्प्रिहेंसिव पावर) अभी भी भारत की तुलना में लगभग 80 प्रतिशत अधिक है।

भारत के ‘आर्थिक क्षमता’ (Economic Capability) स्कोर में 26.4 अंकों तक की मामूली गिरावट के बावजूद, वह इस श्रेणी में तीसरे स्थान पर बना रहा। रुपये की कमजोरी, अर्थव्यवस्थाओं को मापने के लिए अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) की कार्यप्रणाली में बदलाव और विदेशों में किए जाने वाले निवेश (outbound investment) में लगभग 20 अरब डॉलर की कमी ने भारत की सापेक्ष आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया। हालाँकि, बेहतर आर्थिक दृष्टिकोण के चलते भारत का ‘भविष्य के संसाधन’ (Future Resources) स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया।’राजनयिक प्रभाव’ (Diplomatic Influence) 70.3 अंकों के स्कोर के साथ भारत का सबसे मजबूत पक्ष बना रहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व को लेकर विशेषज्ञों की राय में काफी सुधार हुआ। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद, मोदी को दूसरा सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता माना गया। हालाँकि, उनके वैश्विक नेतृत्व और रणनीतिक महत्वाकांक्षाओं को लेकर धारणाओं में गिरावट आई।भारत ने अपने क्षेत्रीय आर्थिक संबंधों को भी मजबूत किया है, जिससे वह दो स्थान ऊपर चढ़कर सातवें नंबर पर आ गया है। भारत का ‘रक्षा नेटवर्क’ (Defence Networks) स्कोर बढ़कर 18.6 अंक हो गया है, और इस मामले में भी भारत दो स्थान ऊपर आ गया है।नौवें स्थान पर पहुँच गया है, जिसमें दक्षिण-पूर्व एशिया के साथ रक्षा क्षेत्र में बढ़ता सहयोग और ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री जैसे कारक सहायक रहे हैं।

भारत का ‘सांस्कृतिक प्रभाव’ (Cultural Influence) स्कोर बढ़कर 43.8 अंक हो गया है, जो सांस्कृतिक पहुंच, सूचनाओं के प्रवाह और लोगों के बीच आपसी आदान-प्रदान में आए सुधारों को दर्शाता है।लोवी इंस्टीट्यूट (Lowy Institute) ने बताया है कि इन सुधारों की मदद से, 2023 के बाद पहली बार, भारत अपने उपलब्ध संसाधनों पर आधारित ‘संभावित शक्ति’ और अपनी ‘वास्तविक व्यापक शक्ति’ के बीच के अंतर को कम करने में सफल रहा है। भविष्य के बेहतर संसाधनों को देखते हुए, ये निष्कर्ष बताते हैं कि एशिया में अपना बढ़ता प्रभाव बनाए रखने के लिए भारत की स्थिति काफी मजबूत है।https://en.wikipedia.org/wiki/Flag_of_India#/media/File:Flag_of_India,_New_Delhi.jpg