एसकेएम विरोध प्रदर्शन : पंजाब पुलिस ने चंडीगढ़ जा रहे किसानों को रोका

चंडीगढ़,  संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) के बैनर तले विभिन्न मांगों को लेकर बुधवार से शुरू हुए सप्ताह भर के धरने के लिए चंडीगढ़ कूच कर रहे किसानों को पुलिस ने रोक दिया और पंजाब भर में जगह-जगह कई अवरोधक लगाकर केंद्र शासित प्रदेश के सभी प्रवेश बिंदुओं पर सुरक्षा बढ़ा दी गई।  एसकेएम 30 से अधिक किसान संगठनों का एक समूह है और उसने अपनी विभिन्न मांगों के समर्थन में पांच मार्च से चंडीगढ़ में एक सप्ताह तक धरना देने का आह्वान किया है।

             पंजाब पुलिस के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) एच. एस. भुल्लर ने कहा कि प्रदर्शनकारी किसानों को किसी भी कीमत पर चंडीगढ़ पहुंचने की इजाजत नहीं दी जाएगी। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और अन्य वाहनों से बुधवार सुबह चंडीगढ़ के लिए रवाना हुए किसानों को पंजाब पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर रोक दिया।

             मोगा में क्रांतिकारी किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष जतिंदर सिंह ने कहा कि चंडीगढ़ जाते समय मोगा जिले के अजीतवाल में पंजाब पुलिस ने उन्हें रोक दिया। सिंह ने दावा किया कि उनमें से कुछ को पुलिस ने ‘हिरासत में’ भी ले लिया।

             चंडीगढ़ जाने की अनुमति नहीं दिए जाने पर किसानों ने भगवंत मान सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की।  उन्होंने बताया कि समराला में भी पुलिस ने किसानों को चंडीगढ़ जाने से रोक दिया।            पटियाला में पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार  पुलिस यह सुनिश्चित करेगी कि प्रदर्शनकारी किसान चंडीगढ़ की ओर न बढ़ें और आम नागरिकों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।

%d bloggers like this: