ओडिशा के भद्रक में एक जून को मतदान समाप्त होने तक निषेधाज्ञा लगायी गयी

भद्रक (ओडिशा)  ओडिशा में भद्रक के जिला प्रशासन ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और बीजू जनता दल (बीजद) के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प होने  की खबरों के बाद शनिवार को मतदान समाप्त होने तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में निषेधाज्ञा लगा दी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

             उन्होंने बताया कि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत प्रतिबंध बृहस्पतिवार रात से लागू हो गए और यह एक जून को मतदान समाप्त होने तक शाम छह बजे तक लागू रहेंगे।

             इस धारा में पांच या उससे अधिक लोग अवैध रूप से एकत्र होने पर पाबंदी है।

             पुलिस ने बताया कि भाजपा के युवा मोर्चा की ओडिशा इकाई के अध्यक्ष अभिलास पांडा और उनके छह सहयोगियों पर बृहस्पतिवार शाम को भद्रक लोकसभा क्षेत्र के चांदबली विधानसभा क्षेत्र में सत्तारूढ़ बीजद के कार्यकर्ताओं द्वारा कथित रूप से हमला किए जाने के बाद यह कदम उठाया गया है।

             एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि पांडा और छह अन्य भाजपा कार्यकर्ताओं का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।

             चांदबली प्रखंड के भाजपा अध्यक्ष कमला सुतार ने कहा कि पार्टी ने प्राथमिकी दर्ज की है और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

             बैंसडा थाने के प्रभारी देबराज जेना ने बताया कि हमले के सिलसिले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है लेकिन उनके खिलाफ अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।    

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: