दिल्ली भाजपा प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और उत्तर-पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद ने संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) और अरविंद केजरीवाल समय-समय पर पूर्वांचल के लोगों का अपमान करते रहे हैं। अरविंद केजरीवाल समय-समय पर पूर्वांचल के भाइयों-बहनों का अपमान करते रहे हैं। उनके दिल में यूपी और बिहार के लोगों के लिए नफरत भरी हुई है। कभी वह बिहार और यूपी के लोगों को शिक्षा व्यवस्था पर बोझ कहते हैं तो कभी कहते हैं कि ये लोग 500 रुपये का टिकट लेकर दिल्ली आते हैं और दिल्ली पर बोझ डालकर चले जाते हैं। आज तो उन्होंने सारी हदें पार कर दीं- उन्होंने पूर्वांचल के हमारे भाइयों-बहनों को फर्जी मतदाता तक कह दिया। सचदेवा ने कहा अरविंद केजरीवाल सुनिए- दिल्ली की अर्थव्यवस्था का बड़ा पहिया बिहार और यूपी के मेहनतकश लोगों की मेहनत से चल रहा है। यह बात आपको समझ में नहीं आएगी। मनोज तिवारी ने कहा, “अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी का यूपी, बिहार, झारखंड और प्रवासी लोगों का अपमान करने का पुराना इतिहास रहा है। केजरीवाल, सुनिए- आप फर्जी हैं, आपकी पार्टी (आप) के वादे फर्जी हैं। आप अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशियों के फर्जी वोट बनाते रहे। जब लोगों ने इसकी शिकायत की तो आपको जलन होने लगी। यूपी, बिहार और झारखंड के लोग यहां आते हैं और मेहनत करके अपना ठिकाना बनाते हैं।”Photo : Wikimedia