चीन ने ताइवान की सीमा के नजदीक 43 लड़ाकू विमान और सात नौसैनिक पोत भेजे

ताइपे (ताइवान), ताइवान ने बुधवार कहा कि चीन ने उसकी सीमा के नजदीक 43 लड़ाकू विमान और सात नौसैनिक पोत भेजे हैं। इस हालिया घटना के बाद माना जा रहा है कि चीन ताइवान पर दबाव बनाने की अपनी रणनीति को लेकर नरम नहीं हुआ है। ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि बुधवार सुबह छह बजे समाप्त हुई 24 घंटे की अवधि के दौरान चीन ने इन लड़ाकू विमानों और नौसैनिक पोत को उसकी सीमा की ओर से भेजे हैं। मंत्रालय ने कहा कि इनमें से 37 विमान ताइवान जलडमरूमध्य में मध्य रेखा को पार कर गए, जिसे चीन अनौपचारिक सीमा नहीं मानता। मंत्रालय ने बताया कि जबाव में ताइवान ने अपने लड़ाकू विमान और नौसैनिक पोत भेजे तथा मिसाइल प्रणाली को सक्रिय कर दिया है। अगस्त 2022 में अमेरिका की प्रतिनिधि सभा की तत्कालीन अध्यक्ष नैन्सी पेलोसी की ताइवान यात्रा के बाद से चीन आक्रामक रुख अपनाये हुये है। चीन ने ताइवान की यात्रा पर अपनी नाराजगी दिखाने के लिए अमेरिका के साथ सैन्य संवाद स्थिगित कर दिया था। ताइवान एक स्वशासित द्वीप है जिसे चीन अपना हिस्सा मानता है। चीन ने कहा है कि अगर जरूरत पड़ी तो वह ताइवान को बलपूर्वक अपने नियंत्रण में ला सकता है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: