झारखंड में भाजपा ने सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और अवसंरचना विकास के लिए कुछ नहीं किया: मुख्यमंत्री    

हजारीबाग (झारखंड), झारखंड के मुख्यमंत्री चंपई सोरेन ने सोमवार को दावा किया कि राज्य की पूर्ववर्ती भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार ने अपने कार्यकाल के दौरान सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और अवसंरचना के विकास के लिए कुछ नहीं किया।

             सोरेन ने यह टिप्पणी झारखंड के हजारीबाग जिले में विनोबा भावे विश्वविद्यालय परिसर में राज्य सरकार की आवास योजना ‘अबुआ आवास’ के तहत अनुमोदन पत्रों के वितरण के दौरान की। कार्यक्रम में हजारीबाग, रामगढ़, कोडरमा और चतरा जिले में रहने वाले योजना के लाभार्थियों ने भाग लिया।

             मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ने वर्ष 2000 में राज्य के गठन के बाद से ज्यादातर समय तक राज्य में शासन किया। लेकिन उसने राज्य में सामाजिक, आर्थिक, शैक्षिक और बुनियादी ढांचे के विकास के लिए कुछ नहीं किया।’’

             उन्होंने कहा कि जब 2019 में हेमंत सोरेन सरकार सत्ता में आई, तो उसने मूलभूत अवसंरचना (रोटी, कपड़ा और मकान और शिक्षा) के विकास पर ध्यान केंद्रित किया।  मुख्यमंत्री ने कहा, “पिछली हेमंत सोरेन सरकार ने बार-बार केंद्र से आवास की मांग की। जब इनकार कर दिया गया, तो पूर्व मुख्यमंत्री ने राज्य निधि से आवास उपलब्ध कराने का फैसला किया।’’

             चंपई सोरेन ने कहा कि झारखंड में 2027 तक राज्य का कोई भी गरीब बेघर या पक्के मकान से वंचित नहीं रहेगा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: