दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भाषा अकादमियों के नवनियुक्त सदस्यों को सम्मानित किया

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित एक सम्मान समारोह में हिंदी, संस्कृत, पंजाबी, मैथिली-भोजपुरी, गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी अकादमियों के नवनियुक्त उपाध्यक्षों और सदस्यों से मुलाकात की और उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकास भी, विरासत भी’ के विजन से प्रेरित होकर, दिल्ली सरकार भाषाई विरासत को संरक्षित करने, साहित्यिक परंपराओं को समृद्ध करने और आने वाली पीढ़ियों को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विश्वास जताया कि नया नेतृत्व दिल्ली के साहित्यिक और सांस्कृतिक परिदृश्य को मजबूत करेगा और यहाँ की विविध भाषाओं और परंपराओं को और अधिक पहचान दिलाएगा।भाषा अकादमियों की गवर्निंग काउंसिल के नवनियुक्त सदस्यों को संबोधित करते हुए, कपिल मिश्रा ने कहा कि पहले इन संस्थानों का इस्तेमाल राष्ट्र और समाज के खिलाफ नैरेटिव (विचारधारा) को बढ़ावा देने के लिए किया जाता था।

उन्होंने कहा कि अब इन संस्थानों का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी उन लोगों के कंधों पर है, जो राष्ट्रीय और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पित हैं।मिश्रा ने सदस्यों से आग्रह किया कि वे अपने लेखन, पुस्तकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से राष्ट्रवाद, संस्कृति और सभ्यता के प्रति गर्व की भावना को बढ़ावा दें। उन्होंने मातृभाषाओं और क्षेत्रीय बोलियों को संरक्षित करने के महत्व पर भी जोर दिया, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी सांस्कृतिक जड़ों और इतिहास से जुड़ी रह सकें।