दिल्ली के उपराज्यपाल (एलजी) विनय कुमार सक्सेना ने दिल्ली के सभी 7 नवनिर्वाचित लोकसभा सदस्यों से मुलाकात की और उनके लिए दोपहर के भोजन का आयोजन किया। राज निवास के एक अधिकारी ने बताया कि शहर के नवनिर्वाचित सांसदों को बधाई देने के लिए एलजी ने दोपहर के भोजन का आयोजन किया था। राज निवास ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “दिल्ली से लोकसभा के नवनिर्वाचित सदस्यों ने आज माननीय उपराज्यपाल से मुलाकात की।” उन्होंने दिल्ली से चुने गए 7 भाजपा सांसदों के साथ सक्सेना की तस्वीर भी साझा की। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली की 7 लोकसभा सीटों पर क्लीन स्वीप किया। चांदनी चौक लोकसभा सीट से प्रवीण खंडेलवाल ने कांग्रेस के जय प्रकाश अग्रवाल को 89325 मतों के अंतर से हराया। सबसे चर्चित मुकाबले में मनोज तिवारी ने कांग्रेस के कन्हैया कुमार को 138778 मतों से हराकर उत्तर पूर्व दिल्ली सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। पूर्वी दिल्ली से हर्ष मल्होत्रा ने आम आदमी पार्टी (आप) के कुलदीप कुमार को 93663 मतों से हराया। नई दिल्ली से बांसुरी स्वराज ने आप के सोमनाथ भारती को 78370 वोटों से हराया। उत्तर-पश्चिम दिल्ली से योगिंदर चंदोलिया ने कांग्रेस के उदित राज को 290848 वोटों से हराया। पश्चिमी दिल्ली से कमलजीत सेहरावत ने आप के महाबल मिश्रा को 199013 वोटों से हराया। दक्षिणी दिल्ली से रामवीर सिंह बिधूड़ी ने आप के सही राम पहलवान को 124333 वोटों से हराया।https://x.com/RajNiwasDelhi/status/1798661750952427987/photo/1