नयी दिल्ली, दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने बृहस्पतिवार को कहा कि 2047 तक विकसित शहर बनने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए दिल्ली को ऐसे निवेश केंद्र के रूप में विकसित करना होगा जहां रोजगार और कारोबार के नए अवसर पैदा हों बुनियादी ढांचा मजबूत हो और शहर की समृद्ध विरासत भी सुरक्षित रहे।
उद्योग मंडल एसोचैम की ओर से आयोजित ‘दिल्ली कनेक्ट्स 2026: बिल्डिंग ए ग्लोबल सस्टेनेबल एंड फ्यूचर-रेडी दिल्ली एनसीआर’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संधू ने एकीकृत परिवहन व्यवस्था योजनाबद्ध शहरी विकास प्रौद्योगिकी आधारित शासन और आर्थिक प्रतिस्पर्धा को प्रमुख प्राथमिकताएं बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली के विकास को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) से अलग करके नहीं देखा जा सकता। इसके लिए परिवहन आवास जल प्रबंधन और आर्थिक विकास जैसे क्षेत्रों में समन्वित क्षेत्रीय योजना बनाने की जरूरत है।
शहर की अर्थव्यवस्था की मजबूती का उल्लेख करते हुए संधू ने दिल्ली आर्थिक सर्वेक्षण 2025-26 का हवाला दिया। इसके अनुसार दिल्ली का सकल राज्य घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) 13.27 लाख करोड़ रुपये रहने का अनुमान है और इसमें 9.42 प्रतिशत की वृद्धि का अनुमान है। उन्होंने कहा कि दिल्ली की अर्थव्यवस्था में सेवा क्षेत्र का योगदान 86 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा कि ये खूबियां निवेश नवाचार और रोजगार के लिए मजबूत आधार प्रदान करती हैं।
संधू ने कहा ‘‘उपराज्यपाल के रूप में मैं विभिन्न पक्षों के बीच संवाद और समन्वय को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका देखता हूं ताकि विचारों को ठोस परिणामों में बदला जा सके।’’ उन्होंने कहा कि उद्योग संगठनों की मदद से सरकारी संस्थानों को कारोबारियों विश्वविद्यालयों स्टार्टअप और वैश्विक विशेषज्ञों से जोड़कर विकसित दिल्ली के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
संधू ने कहा कि 2047 तक दिल्ली की विकास यात्रा भारत के व्यापक विकास के लक्ष्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है और राष्ट्रीय राजधानी की जिम्मेदारी केवल शहर का प्रशासन चलाने तक सीमित नहीं है। उन्होंने कहा कि दिल्ली को अपने निवासियों के लिए समावेशी कुशल और रहने योग्य शहर बने रहते हुए वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी शहर के रूप में उभरना होगा।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common