भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली प्रदेश इकाई ने 7 जुलाई को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में अपनी कार्यकारिणी की बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने की तथा इसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने किया। पीयूष गोयल ने दिल्ली की सातों सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया तथा उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं भी दीं और कहा कि दिल्ली ने विकास और सुशासन को विजयी बनाया है तथा राष्ट्र सर्वोपरि की भावना के साथ भाजपा को वोट दिया है। गोयल ने कहा कि जनता आगामी 2025 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता में लाने का मन बना चुकी है, लेकिन हमारे कार्यकर्ताओं को निरंतर मेहनत और संपर्क की आवश्यकता है, ताकि दिल्ली में डबल इंजन की सरकार बने तथा दिल्ली का विकास सुनिश्चित हो सके। वीरेंद्र सचदेवा ने अपने संबोधन में कहा कि इस समय दिल्ली भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता एवं आम आदमी आप की भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ पूरी ऊर्जा के साथ आवाज उठा रहा है। जिस प्रकार से सातों सीटों पर यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर विश्वास करते हुए मतदान हुआ है, उससे स्पष्ट है कि दिल्ली की जनता ने भ्रष्टाचार के जवाब में सुशासन और विकास को वोट दिया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में निजी स्वार्थ के लिए बना गठबंधन महज दो विफल और भ्रष्ट पार्टियों का गठबंधन है, जिनका मकसद जनता को लूटना है, लेकिन दिल्ली की जनता सब जानती है, जिस समय दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया महामारी की चपेट में थी, उस समय केजरीवाल सरकार भ्रष्टाचार और घोटाले के लिए शराब नीति बनाने में व्यस्त थी।सचदेवा ने सभी भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे भ्रष्ट केजरीवाल सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए लोकसभा चुनाव से भी ज्यादा मेहनत करें। इस अवसर पर दिल्ली से भाजपा के सांसद और इकाई के पदाधिकारी तथा वार्ड से लेकर जिला स्तर तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे। https://x.com/Virend_Sachdeva/status/1809886043786936818/photo/2