पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ रूस की आधिकारिक यात्रा पर जाएंगे, पुतिन से करेंगे मुलाकात

इस्लामाबाद, पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ अपनी पहली आधिकारिक रूस यात्रा पर जाएंगे और इसके बाद वह एक क्षेत्रीय शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ईरान रवाना होंगे। समाचार पत्र ‘डॉन’ की खबर के अनुसार शरीफ की तीन दिवसीय रूस यात्रा 30 नवंबर से शुरू होगी। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य ऊर्जा और निवेश संबंधी समझौतों के जरिए दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करना है।

प्रधानमंत्री कार्यालय के एक सूत्र ने ‘डॉन’ को बताया कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन के साथ शरीफ की बैठक में ऊर्जा सहयोग रक्षा व्यापार क्षेत्रीय सुरक्षा और निवेश जैसे प्रमुख मुद्दों पर बातचीत होने की संभावना है। वार्ता के दौरान रूस के सहयोग से स्थापित ‘पाकिस्तान स्टील मिल्स’ को फिर से शुरू करने का मुद्दा भी प्रमुखता से उठ सकता है। इसके अलावा पाकिस्तान के तेल और गैस क्षेत्रों में संभावित रूसी निवेश पर भी चर्चा होने की उम्मीद है।

खबर के मुताबिक दोनों देश इस औद्योगिक संयंत्र को दोबारा चालू करने में रूस के सहयोग की संभावनाएं तलाश सकते हैं। साथ ही पाकिस्तान के औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए व्यापक स्तर पर सहयोग की अन्य पहलों पर भी विचार किया जा सकता है।

समाचार पत्र ‘डॉन’ के अनुसार रूस यात्रा के बाद प्रधानमंत्री शरीफ तीन और चार दिसंबर को ईरान में आयोजित होने वाले आर्थिक सहयोग संगठन (ईसीओ) के 18वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस सम्मेलन में संगठन के 10 सदस्य देशों के नेता क्षेत्रीय व्यापार संपर्क सुविधाओं के विस्तार ऊर्जा परिवहन निवेश और औद्योगिक सहयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common