प्रियंका ने सपा नेतृत्व की सराहना की

नयी दिल्ली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के शानदार प्रदर्शन के लिए पार्टी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भीषण परिस्थितियों में सबने मिलकर एक ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी। उत्तर प्रदेश में सपा ने लोकसभा की 37 सीट जीती हैं और कांग्रेस को छह सीट हासिल हुई हैं। प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया ‘‘अखिलेश यादव जी डिंपल यादव जी रामगोपाल यादव जी आप लोगों को और समाजवादी पार्टी के मेहनती कार्यकर्ताओं को उत्तर प्रदेश के नतीजों के लिए मेरी तरफ से बहुत-बहुत बधाई। भीषण परिस्थितियों में हम सबने मिलकर एक ऐतिहासिक लड़ाई लड़ी। जमीन पर कांग्रेस और सपा के कार्यकर्ताओं ने हिम्मत से जनता के मुद्दों सामाजिक न्याय और संविधान की आवाज उठाई। तमाम धमकियों व दमन के बावजूद वे एकजुट होकर लोकतंत्र के प्रहरी बने और बूथ-बूथ पर खड़े रहे।’’ उन्होंने कहा ‘‘आप सबकी कड़ी मेहनत के चलते हमारी एकजुटता व मुद्दों के प्रति हमारी प्रतिबद्धता में जनता ने भरोसा दिखाया है।’ प्रियंका गांधी ने कहा ‘‘आप सभी को दिल से धन्यवाद। जय जनता। जय संविधान।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: