बांग्लादेश: अधिक वेतन की मांग को लेकर कपड़ा श्रमिकों का प्रदर्शन, राजमार्ग जाम

ढाका, बांग्लादेश में कपड़ा कारखानों के श्रमिकों ने अधिक वेतन की मांग को लेकर ढाका और औद्योगिक क्षेत्र सावर व आशुलिया के कई हिस्सों में प्रदर्शन किया तथा कानून लागू करने वाली एजेंसियों के कर्मियों के साथ उनकी झड़पें हुईं। स्थानीय मीडिया की खबरों में यह जानकारी दी गई। ‘प्रथम आलो’ अखबार की खबर के अनुसार कई स्थानों पर पुलिस ने प्रदर्शनकारी श्रमिकों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और तेज आवाज वाले गोले दागे। वहीं प्रदर्शनकारियों ने सावर में ढाका-अरिचा राजमार्ग को जाम कर दिया जिससे यातायात ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ये प्रदर्शन बांग्लादेश के प्रमुख कपड़ा उत्पादन क्षेत्रों में पिछले कई सप्ताह से रुक-रुककर हो रहे विरोध प्रदर्शनों का हिस्सा हैं।

श्रमिक मौजूदा 12 500 टका के न्यूनतम मासिक वेतन को बढ़ाकर 30 000 टका करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि भोजन आवास परिवहन और स्वास्थ्य सेवाओं की लागत बढ़ गई है। चीन के बाद बांग्लादेश दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा कपड़ा निर्यातक देश है। इस क्षेत्र में 40 लाख से अधिक श्रमिक काम करते हैं और देश की कुल निर्यात आय में इसकी हिस्सेदारी 80 प्रतिशत से अधिक है। लंबे समय तक कामकाज बाधित रहने से उत्पादन और वैश्विक कपड़ा आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हो सकती है। ‘प्रथम आलो’ की खबर के अनुसार मंगलवार सुबह ढाका में मीरपुर के दारुस सलाम और शाह अली थाना क्षेत्रों में कपड़ा श्रमिक एकत्र हुए तथा मीरपुर-10 चौराहे की ओर बढ़ने की कोशिश की।

खबर में मीरपुर थाना प्रभारी हाफिजुर रहमान के हवाले से बताया गया कि पुलिस ने उन्हें रोक दिया और बाद में पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे भीड़ को तितर-बितर करने के लिए तेज आवाज वाले बम दागे। ‘ढाका ट्रिब्यून’ अखबार के अनुसार सावर के फूलबरिया इलाके में श्रमिकों ने स्थानीय समयानुसार पूर्वाह्व करीब 11 बजे ढाका-अरिचा राजमार्ग जाम कर दिया जिससे दोनों ओर यातायात बाधित हो गया। यह जाम पूर्वाह्न करीब 11:50 बजे तक जारी रहा। इसके कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को परेशानी हुई। ‘ढाका ट्रिब्यून’ की खबर के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र में अशांति का असर कारखानों के कामकाज पर भी पड़ा।

मंगलवार को आठ कारखाने बंद रहे जबकि तीन अन्य ने सामान्य अवकाश घोषित कर दिया। वहीं पांच कारखानों के श्रमिकों ने काम बंद कर दिया। प्रमुख परिधान औद्योगिक क्षेत्रों में प्रदर्शनों के बाद सरकार ने संशोधित वेतन ढांचे की सिफारिश करने के लिए एक नवंबर को न्यूनतम वेतन बोर्ड का गठन किया था।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common