बाढ़ प्रभावित चुंगथांग शहर में बुनियादी ढांचा बहाल करने के लिए प्रतिबद्ध हूं: सिक्किम के मुख्यमंत्री तमांग

गंगटोक, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने रविवार को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार बाढ़ प्रभावित चुंगथांग को एक मॉडल शहर बनाने के लिए सब कुछ कर रही है।
तमांग ने कहा कि केंद्र भी स्थिति पर करीबी नजर रखे हुए है और शहर में आधारभूत ढांचा बहाल करने के लिए सहायता प्रदान कर रहा है।
उन्होंने भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर से शहर का हवाई सर्वेक्षण करने के बाद कहा, ‘‘राज्य सरकार चुंगथांग में आधारभूत ढांचे को बहाल करने और शहर को एक मॉडल शहर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।’’
तीस्ता नदी में चार अक्टूबर की सुबह अचानक आई बाढ़ से पर्वतीय राज्य सिक्किम और पश्चिम बंगाल के उत्तरी हिस्से में कम से कम 78 लोगों की मौत हो गई थी।
तमांग ने हवाई सर्वेक्षण के बाद, आपदा प्रभावित परिवारों से बातचीत की और उन लोगों को मुख्यमंत्री राहत कोष से एक-एक लाख रुपये के चेक वितरित किए, जिनके मकान अचानक आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हो गए थे। उन्होंने मकान क्षतिग्रस्त होने के बाद किराए पर रह रहे लोगों को 20-20 हजार रुपये भी दिए।
तमांग ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा क्षति के आकलन के आधार पर प्रभावित लोगों को अधिक मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बाढ़ में किताबें और जरूरी सामान खोने वाले प्रत्येक छात्र को 10,000 रुपये भी दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार चुंगथांग के उन लोगों को 10 महीने का किराया देगी, जिनके मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं और वर्तमान में किराए पर रह रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगन से चुंगथांग के बीच वैकल्पिक सड़क पर मरम्मत कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। उन्होंने कहा कि चुंगथांग और लाचेन के बीच सम्पर्क बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
तमांग ने बाढ़ के बाद मदद के लिए सेना, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), सीमा सड़क संगठन (बीआरओ), राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), जिला प्रशासन, स्थानीय पंचायतों और लोगों को धन्यवाद दिया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: