आगरा, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राष्ट्रीय समन्वयक आकाश आनंद ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार शिक्षा सुरक्षा और रोजगार के मोर्चे पर विफल रही। आनंद ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक को ‘शोपीस’ मात्र करार देते हुए आरोप लगाया कि भाजपा दलितों को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने में नाकाम रही है। उन्होंने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर भी हमला करते हुए उन्हें भाजपा की ‘बी टीम’ बताया। बसपा नेता ने कहा कि सरकार ने बुनियादी जनसमस्याओं की अनदेखी करते हुए विज्ञापनों पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए। आनंद ने आगरा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में बसपा को वोट देने की अपील की और कहा कि उनकी पार्टी का चुनाव चिह्न ‘हाथी’ भाजपा से हिसाब बराबर करने का माध्यम बनेगा।
बसपा के राष्ट्रीय समन्वयक ने राज्य सरकार में विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधित्व पर सवाल उठाते हुए दोनों उपमुख्यमंत्रियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण और पिछड़े समुदाय के नेताओं को इन पदों पर नियुक्त करना वास्तविक राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं है। आनंद ने आरोप लगाया कि अलग-अलग समुदायों से दो उपमुख्यमंत्रियों की नियुक्ति से सभी वर्गों को उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल जाता। उन्होंने इन पदों पर बैठे नेताओं को ‘शोपीस’ करार देते हुए कहा कि चुनाव के दौरान उन्हें इसलिए सामने लाया जाता है ताकि सभी समुदायों को प्रतिनिधित्व देने का दावा किया जा सके। उत्तर प्रदेश में केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक उपमुख्यमंत्री हैं। आनंद ने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में किसी दलित को उपमुख्यमंत्री नहीं बनाया गया है।
उन्होंने दावा किया कि सत्तारूढ़ दल इस समुदाय को सशक्त बनाने से बचता रहा है। बसपा नेता ने कहा “मैंने तय किया है कि आज गुस्सा नहीं करूंगा। मैं सिर्फ सरकार का रिपोर्ट कार्ड पढ़कर सुनाऊंगा। इसे सुनकर अगर आपको हंसी आए तो जरूर हंसें लेकिन अगर गुस्सा आए तो आगामी विधानसभा चुनाव में हमारी पार्टी के चुनाव चिह्न ‘हाथी’ के सामने वाला बटन दबाकर अपना हिसाब बराबर कर लें।” बसपा प्रमुख मायावती का संदेश लेकर आगरा पहुंचे आनंद ने पार्टी कार्यकर्ताओं को राजनीतिक विरोधियों के बहकावे में नहीं आने की सलाह दी। उन्होंने गुजरात के भाजपा नेताओं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा “चुनाव के मौसम में गुजरात के नेता धार्मिक मठों से जुड़े लोग और वे लोग जो सिर्फ इटावा के बारे में सोचते हैं मतदाताओं को प्रभावित करने के लिए आगरा आएंगे।” आनंद ने कहा “हम किसी भी सरकार से चांद-तारे नहीं मांग रहे हैं। हम सिर्फ तीन चीजें चाहते हैं- अच्छी शिक्षा सभी के लिए सुरक्षा और हर हाथ को रोजगार।”
उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश को विकसित शिक्षित और सुरक्षित दिखाने वाले विज्ञापनों पर सात हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए जबकि सरकार जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने में पूरी तरह विफल रही। आनंद ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के आंकड़ों का हवाला देते हुए दावा किया कि हत्या और महिलाओं के खिलाफ अपराध के मामलों में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर है। उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालयों को बंद करने या दूसरे विद्यालयों में विलय करने का सबसे अधिक असर ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों पर पड़ा है इस कारण अब उन्हें पढ़ाई के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। आनंद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दो करोड़ से अधिक युवा बेरोजगार हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि बार-बार होने वाले प्रश्नपत्र लीक की घटनाओं ने सरकारी नौकरियों की तैयारी कर रहे युवाओं के भविष्य को खतरे में डाल दिया है। आनंद ने कांग्रेस व सपा पर दलितों तथा पिछड़े वर्गों के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि दोनों दल संविधान और डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत का हवाला देकर मतदाताओं को लुभाने की कोशिश कर रहे हैं जबकि उन्होंने इन वर्गों के कल्याण के लिए पर्याप्त काम नहीं किया। आनंद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने आंबेडकर के राजनीतिक जीवन के दौरान उनका विरोध किया और दशकों तक सत्ता में रहने के बावजूद उन्हें ‘भारत रत्न’ नहीं दिया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस आरक्षण के प्रावधानों को प्रभावी ढंग से लागू करने में भी विफल रही और आरक्षित पदों की रिक्तियां लंबे समय तक नहीं भरी गईं। आनंद ने सपा पर हमला करते हुए पार्टी के ‘पीडीए’ (पिछड़े दलित और अल्पसंख्यक) नारे पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने अलग-अलग समुदायों को आकर्षित करने के लिए समय-समय पर अपनी राजनीतिक शब्दावली बदली। बसपा समन्वयक ने दावा किया कि पहले पीडीए में ‘पी’ का अर्थ पिछड़ा बताया गया लेकिन ब्राह्मणों का रुझान बसपा की ओर बढ़ने पर इसे ‘पंडित’ से जोड़ दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने संसद में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के लिए पदोन्नति में आरक्षण संबंधी 2012 के विधेयक का विरोध किया था।
आनंद ने राज्यसभा उम्मीदवार के चयन को लेकर भी सपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछड़े दलित और अल्पसंख्यक समुदायों के सदस्यों को मौका देने के बजाय सपा ने उद्योगपति धनराज नथवानी को उम्मीदवार बनाया है। बसपा नेता ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल में सपा प्रमुख अखिलेश यादव को ऐसा मित्र बताया था जो कभी-कभी उनकी मदद करते हैं ऐसे में बसपा को भाजपा की ‘बी टीम’ कहने के बजाय कांग्रेस और सपा से सवाल पूछे जाने चाहिए।
आनंद ने मतदाताओं से मायावती को पांचवीं बार मुख्यमंत्री बनाने की अपील करते हुए कहा कि बसपा के सत्ता में लौटने पर आगरा का विकास किया जाएगा। उन्होंने बसपा सरकार के दौरान बने नोएडा-ग्रेटर नोएडा-आगरा एक्सप्रेसवे का उल्लेख करते हुए दावा किया कि इससे पर्यटन निर्यात और छोटे कारोबार को बढ़ावा मिला था। आनंद ने कहा “मायावती ने विकास का रास्ता खोला था लेकिन भाजपा सरकार ने उस रास्ते पर ताला लगा दिया है।” क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common