भारतीय सशस्त्र बलों का दल रूस में बहुपक्षीय अभ्यास जैपड 2025 के लिए रवाना

भारतीय सशस्त्र बलों का एक दल, जिसमें 65 कार्मिक शामिल हैं, आज रूस के निज़नी स्थित मुलिनो प्रशिक्षण मैदान के लिए रवाना हुआ। यह दल बहुपक्षीय संयुक्त सैन्य अभ्यास जैपड 2025 में भाग लेगा, जो 10 से 16 सितंबर 2025 तक आयोजित किया जाएगा।

इस दल में भारतीय सेना के 57 कार्मिक, भारतीय वायु सेना के 7 कार्मिक और भारतीय नौसेना का 1 कार्मिक शामिल है। भारतीय सेना के दल का नेतृत्व कुमाऊँ रेजिमेंट की एक बटालियन और अन्य सेनाओं के सैनिक कर रहे हैं।

बहुपक्षीय अभ्यास ZAPAD 2025 का उद्देश्य सैन्य सहयोग को बढ़ाना, अंतर-संचालन क्षमता में सुधार लाना और भाग लेने वाली सेनाओं को पारंपरिक युद्ध और आतंकवाद-रोधी अभियानों के क्षेत्र में रणनीति, तकनीकों और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करने के लिए एक मंच प्रदान करना है।

यह अभ्यास खुले और समतल भूभाग में संयुक्त कंपनी स्तर के अभियानों पर केंद्रित होगा, जहाँ सैनिक संयुक्त योजना, सामरिक अभ्यास और विशेष शस्त्र कौशल जैसे विभिन्न अभियानों को अंजाम देंगे। यह संयुक्त परिचालन क्षमताओं को निखारने, उभरती प्रौद्योगिकियों को एकीकृत करने और बहुराष्ट्रीय युद्ध वातावरण में कार्य करने का एक बहुमूल्य अवसर प्रदान करेगा।

अभ्यास ZAPAD 2025 में भागीदारी भारत और रूस के बीच रक्षा सहयोग को और मजबूत करेगी और सौहार्द को बढ़ावा देगी, जिससे सहयोग और आपसी विश्वास की भावना को बल मिलेगा।https://x.com/PIB_India/status/1965349454598602897/photo/1

%d bloggers like this: