भारत के स्टार खिलाड़ियों की रणजी ट्रॉफी में निराशाजनक वापसी

मुंबई,  रोहित शर्मा  ऋषभ पंत और शुभमन गिल जैसे स्टार भारतीय खिलाड़ियों की रणजी ट्रॉफी में वापसी निराशाजनक रही और वे गुरुवार को अपनी अपनी टीमों से खेलते हुए सस्ते में आउट होकर पवेलियन लौटे। अनुभवी ऑल राउंडर रविंद्र जडेजा ही अपेक्षाओं पर खरे उतरे। उन्होंने पांच विकेट लिए जिससे सौराष्ट्र ने दिल्ली की टीम को 188 रन पर आउट कर दिया। राष्ट्रीय टीम के अन्य खिलाड़ियों ने हालांकि निराश किया।

            ऑस्ट्रेलिया में निराशाजनक प्रदर्शन करने के बाद भारतीय कप्तान रोहित अगले महीने शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी से पहले अपने नाम पर कुछ रन लिखवाना चाहते थे लेकिन जम्मू कश्मीर के खिलाफ मुंबई की पहली पारी में ऐसा नहीं हो पाया। रोहित केवल तीन रन बनाकर आउट हो गए।रोहित ने तेज गेंदबाज उमर नजीर मीर की गेंद को पुल करने का प्रयास किया लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर मिड ऑफ पर खड़े जम्मू कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा के सुरक्षित हाथों में चली गई।

            भारतीय टीम में उनके साथी सलामी जोड़ीदार यशस्वी जायसवाल भी केवल चार रन बना पाए। जायसवाल को जम्मू कश्मीर के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज आकिब नबी ने पगबाधा आउट किया। उमर ने मुंबई के कप्तान अजिंक्य रहाणे (12) को भी पवेलियन भेजा। चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय टीम में शामिल किए गए श्रेयस अय्यर भी केवल 11 रन बना पाए। उन्होंने तेज गेंदबाज युद्धवीर सिंह की गेंद पर मिड ऑन पर कैच थमाया। इन प्रमुख खिलाड़ियों के निराशाजनक प्रदर्शन से मुंबई की टीम पहली पारी में 120 रन पर आउट हो गई।

            लंबे समय बाद दिल्ली की तरफ से रणजी ट्रॉफी में खेल रहे पंत राजकोट में सौराष्ट्र के खिलाफ 10 गेंद पर केवल एक रन बना पाए। उन्हें बाएं हाथ के स्पिनर धर्मेंद्रसिह जडेजा ने आउट किया। 

            बेंगलुरु में पंजाब और कर्नाटक के बीच खेले जा रहे मैच में गिल केवल चार रन बना पाए। उन्होंने पंजाब की पारी के चौथे ओवर में अभिलाष शेट्टी की गेंद पर विकेट के पीछे कैच दिया। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया में टीम के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद फिट होने की स्थिति में सभी खिलाड़ियों के लिए घरेलू क्रिकेट में खेलना अनिवार्य कर दिया है। इसके बाद ही इन खिलाड़ियों ने अपनी अपनी टीमों के लिए खुद को उपलब्ध रखा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: