चेन्नई, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एम के स्टालिन ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री पी. मूर्ति के ठिकानों पर छापेमारी इस लिए की जा रही है ताकि राज्य में केंद्रीय एजेंसियों द्वारा मादक पदार्थों की बड़ी खेप पकड़े जाने से जनता और मीडिया का ध्यान भटकाया जा सके।
पुलिस ने अवैध खनन के दो कथित मामलों के सिलसिले में मदुरै स्थित मूर्ति के आवास की तलाशी ली। इन मामलों में सरकारी खजाने को कथित तौर पर 5.39 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचा है।
स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘एक ओर केंद्र सरकार की एजेंसियां तमिलनाडु में देश के सबसे बड़े मादक पदार्थ तस्करी के मामलों का पर्दाफाश कर रही हैं वहीं दूसरी ओर पूर्व मंत्री मूर्ति को निशाना बनाकर छापेमारी की जा रही है। इसका एकमात्र उद्देश्य इन मामलों से जनता और मीडिया का ध्यान भटकाना है।’’
स्टालिन का इशारा राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) द्वारा बृहस्पतिवार को चेन्नई के माधवरम इलाके में वाहन जांच के दौरान 140 करोड़ रुपये मूल्य की 70 किलोग्राम हेरोइन जब्त किए जाने की घटना की ओर था। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) पर निशाना साधते हुए पूर्व मुख्यमंत्री स्टालिन ने आरोप लगाया कि जब भी टीवीके सरकार के ‘‘अक्षम’’ प्रशासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती है पार्टी कार्यकर्ताओं की आपराधिक गतिविधियां सामने आती हैं या उसके विधायकों के दुर्व्यवहार को लेकर जनता में नाराजगी पैदा होती है तब द्रमुक के पूर्व मंत्रियों के ठिकानों पर छापेमारी करना आम बात हो गई है।
स्टालिन ने कहा कि द्रमुक राजनीतिक कारणों से टीवीके सरकार द्वारा दर्ज कराए गए ‘‘झूठे मामलों’’ को अदालत में चुनौती देगी और कानूनी लड़ाई में उन्हें गलत साबित करेगी।
मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय पर निशाना साधते हुए द्रमुक अध्यक्ष ने कहा कि छह महीने के शासन में उनके पास गिनाने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है और उन्होंने केवल जनता का विश्वास खोया है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common