आइजोल, मिजोरम की डम्पा विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए डाले गए मतों की गणना 14 नवंबर को सुबह आठ बजे कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू होगी। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मामित के निर्वाचन अधिकारी लालनुनफेला चावंग्थू ने बताया कि सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती की जाएगी उसके बाद ईवीएम में पड़े मतों की गिनती की जाएगी और कुल पांच चरणों में मतगणना होगी।
मतगणना मामित उपायुक्त परिसर में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच होगी। चावंग्थू ने बताया कि केवल एक मतगणना हॉल और नौ मतगणना टेबल हैं जिनमें से एक डाक मतपत्रों के लिए है।
अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक मतगणना टेबल की निगरानी एक मतगणना पर्यवेक्षक और दो मतगणना सहायक करेंगे। उन्होंने बताया कि मतगणना केंद्र पर चुनाव आयोग द्वारा नियुक्त केंद्रीय पर्यवेक्षकों की भी निगरानी रहेगी। अधिकारी ने बताया कि सभी ईवीएम बुधवार को मतगणना केंद्र पर लाई गईं और उन्हें कड़ी निगरानी में एक ‘स्ट्रांग रूम’ में सुरक्षित रख दिया गया। चावंग्थू ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया “सभी आवश्यक व्यवस्थाएं कर ली गई हैं और हम मतगणना के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मामित के पुलिस अधीक्षक ने भी पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था की है।”
जुलाई में मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के मौजूदा विधायक लालरिंतलुआंगा सैलो के निधन के बाद यह उपचुनाव हो रहा है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common