लोगों ने सुनिश्चित किया कि विधानसभा चुनावों में विपक्ष ‘डूब’ जाए: शिंदे

छत्रपति संभाजीनगर,  उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नवंबर में हुए चुनावों में ‘महायुति’ की प्रचंड जीत के लिए राज्य के नागरिकों की सराहना करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि 288 सदस्यीय महाराष्ट्र विधानसभा में इससे पहले कोई भी गठबंधन 230 सीटें जीतने में कामयाब नहीं हुआ था।

             ‘महायुति’ में भाजपा  शिवसेना और राकांपा शामिल हैं।

             नांदेड़ में ‘आभार सभा’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शिंदे ने ‘लाडकी बहिन योजना’ की प्रशंसा की  जिसे उनके मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान शुरू किया गया था  और कहा कि ‘‘भाइयों और बहनों ने सुनिश्चित किया कि चुनाव में विपक्ष डूब जाए।’’

             बड़ी संख्या में लोगों के उनकी पार्टी में शामिल होने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा  ‘‘शिवसेना किसी एक की नहीं है  यह कार्यकर्ताओं की है। बालासाहेब ठाकरे ने हमेशा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ साथी की तरह व्यवहार किया।’’

             उन्होंने कहा कि हालांकि  कुछ लोगों ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ नौकरों जैसा व्यवहार करना शुरू कर दिया है। यह आरोप शिंदे अक्सर पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे पर लगाते रहते हैं। जून 2022 में शिवसेना का विभाजन हो गया था।

             उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह हिंगोली में बाल ठाकरे हल्दी अनुसंधान केंद्र और मराठवाड़ा क्षेत्र में मुख्य रूप से सिंचाई से जुड़ी अन्य परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करना सुनिश्चित करेंगे।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: