अचिंता शेयुली ग्रां प्री टू में करेंगे भारतीय चुनौती की अगुआई, मीराबाई बस उपस्थिति दर्ज करायेंगी

दोहा, भारतीय भारोत्तोलक अचिंता शेयुली और एन अजीत सोमवार से यहां शुरू हो रहे ओलंपिक क्वालीफाईंग टूर्नामेंट आईडब्ल्यूएफ ग्रां प्री टू में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का प्रयास करेंगे क्योंकि चोटिल मीराबाई चानू इस बार भी बस उपस्थिति दर्ज करायेंगी और ‘बारबेल’ नहीं उठायेंगी।

             मीराबाई अब भी कूल्हे की चोट से उबर रही हैं जो उन्हें एशियाई खेलों में भाग लेने के दौरान लगी थी। इसलिये तोक्यो ओलंपिक रजत पदक विजेता केवल हिस्सा लेने की औपचारिकता पूरी करने के लिए उपस्थिति दर्ज करायेंगी जिसमें उनकी डोप जांच की जायेगी ताकि वह पेरिस ओलंपिक के लिए योग्य बनी रहें। पूर्व विश्व चैम्पियन मीराबाई 49 किग्रा वजन वर्ग में हिस्सा लेती हैं और ओलंपिक क्वालीफिकेशन रैंकिंग (ओक्यूआर) में तीसरे स्थान पर काबिज हैं। इससे ध्यान राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता शेयुली और मौजूदा राष्ट्रीय चैम्पियन अजीत पर लगा होगा। दोनों 73 किग्रा वजन वर्ग में हिस्सा लेते हैं।

             शेयुली पिछले साल राष्ट्रमंडल खेलों के चैम्पियन बनने के बाद चोटों से जूझते रहे हैं। उन्हें 300 किग्रा के प्रविष्टि वजन के कारण ग्रुप बी में रखा गया है जो उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 313 किग्रा वजन से 10 किग्रा कम है। अजीत ने अपना शुरूआत करने का वजन 290 किग्रा तय किया है जिससे उन्हें ग्रुप सी में रखा गया है। तमिलनाडु का यह भारोत्तोलक इस साल लगातार अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में सुधार करता रहा है और इस समय 312 किग्रा के सर्वश्रेष्ठ प्रयास से ओक्यूआर में 27वें स्थान पर काबिज है जबकि शेयुली 47वें स्थान पर हैं।

             राष्ट्रमंडल खेलों की रजत पदक विजेता बिंदियारानी देवी महिलाओं के 55 किग्रा वर्ग में चुनौती पेश करेंगी जो गैर ओलंपिक वजन वर्ग है। उन्हें ग्रुप ए में रखा गया है।

                        राष्ट्रमंडल खेलों के कांस्य पदक विजेता गुरदीप सिंह कलाई की चोट से उबर गये हैं, वह 109 किग्रा से अधिक वजन वर्ग में हिस्सा लेंगे और यह वजन भी ओलंपिक में शामिल नहीं है।

             2024 ओलंपिक क्वालीफिकेशन नियम के अंतर्गत 2023 विश्व चैम्पियनशिप और 2024 विश्व कप में हिस्सा लेना अनिवार्य है।

                         इन दो टूर्नामेंट के अलावा एक भारोत्तोलक को 2022 विश्व चैम्पियनशिप, 2023 महाद्वीपीय चैम्पियनशिप, 2023 ग्रां प्री वन, 2023 ग्रां प्री टू और 2024 महाद्वीपीय चैम्पियनशिप में से कम से कम तीन में हिस्सा लेना जरूरी होता है।      अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ (आईडब्ल्यूएफ) क्वालीफिकेशन समय के अंत में प्रत्येक वजन वर्ग में ओलंपिक क्वालीफिकेशन रेटिंग जारी करेगा।

                        अंतिम फैसले के लिए एक भारोत्तोलक के क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ तीन प्रदर्शन को देखा जायेगा।  टीम इस प्रकार है :   महिला : मीराबाई चानू (49 किग्रा), बिंदियारानी देवी (55 किग्रा)

             पुरुष : अचिंता शेयुली (73 किग्रा), नारायण अजीत (73 किग्रा), गुरदीप सिंह (109 किग्रा से अधिक)।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: