आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने के मुद्दे पर चुप क्यों हैं चंद्रबाबू नायडू : शर्मिला

अमरावती, कांग्रेस की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष वाई.एस. शर्मिला ने सवाल किया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के ‘किंगमेकर’ एवं मुख्यमंत्री एन.चंद्रबाबू नायडू राज्य को विशेष दर्जा दिलाने के मुद्दे पर चुप्पी क्यों साधे हुए हैं। शर्मिला ने कहा कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) सुप्रीमो विशेष राज्य के दर्जे के मुद्दे पर चुप्पी साधने के कारणों का जवाब जनता को दें। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने यहां जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा ‘‘नीतीश कुमार प्रतिबद्ध हैं और उन्होंने बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग मोदी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी) के समक्ष रखी है जबकि नायडू आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा देने के मुद्दे पर मुंह तक नहीं खोल रहे हैं।’’ शर्मिला ने याद दिलाया कि नायडू केंद्र की राजग सरकार के ‘किंगमेकर’ हैं। उन्होंने कहा क्या उन्हें ‘‘नहीं पता’’ कि बिना राजधानी वाला आंध्र प्रदेश ‘‘ बिहार से अधिक पिछड़ा’’ है। कांग्रेस नेता ने कहा ‘‘आपको वे दिन याद नहीं जब आप 15 साल के लिए विशेष राज्य का दर्जा मांग रहे थे और आपने (नायडू ने) खुद कहा था कि राज्य 20 साल पिछड़ गया है।’’ उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री क्यों नहीं दक्षिणी राज्य को विशेष दर्जा नहीं मिलने की स्थिति केंद्र से समर्थन वापस लेने की ‘धमकी’ दे रहे हैं। कांग्रेस की आंध्र प्रदेश इकाई की अध्यक्ष ने नायडू को सलाह दी कि वह विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग को लेकर विधानसभा में प्रस्ताव पारित कराएं और उस मांग को केंद्र के समक्ष रखें। शर्मिला ने कहा कि आंध्र प्रदेश के विकास के लिए विशेष राज्य का दर्जा ही एकमात्र रास्ता है न कि विशेष पैकेज।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: