‘आइडिया ऑफ इंडिया’ के संरक्षक थे येचुरी: राहुल

नयी दिल्ली, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के महासचिव सीताराम येचुरी के निधन पर दुख जताते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि येचुरी देश के बारे में गहरी समझ रखने वाले और भारत की अवधारणा (आइडिया ऑफ इंडिया) के संरक्षक थे। येचुरी का बृहस्पतिवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में 72 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया ‘‘सीताराम येचुरी जी मित्र थे। हमारे देश की गहरी समझ रखने वाले और भारत की अवधारणा के संरक्षक थे। मुझे हमारे बीच होने वाली लंबी चर्चाओं की कमी खलेगी। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार दोस्तों और समर्थकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना।’’ कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने येचुरी के निधन पर दुख जताते हुए कहा ‘‘सीताराम येचुरी एक बहुत अच्छे इंसान बहुभाषी व्यावहारिक प्रवृत्ति वाले धुर मार्क्सवादी माकपा के एक स्तंभ और विलक्षण बौद्धिक क्षमता व हास्यबोध वाले एक शानदार सांसद थे। वह अब नहीं रहे।’’ उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया ‘‘हमारा तीन दशकों का साथ रहा। हमने विभिन्न अवसरों पर निकटता से एक-दूसरे का सहयोग किया। हर राजनीतिक दल में उनके मित्र थे और दृढ़ विश्वास तथा आकर्षक व्यक्तित्व के लिए उनकी प्रशंसा की जाती थी।’’ रमेश ने कहा ‘‘सलाम तोवरिश (कॉमरेड)। आपने हमें बहुत पहले ही छोड़ दिया लेकिन आपने सार्वजनिक जीवन को बहुत समृद्ध किया और इसे कभी भुलाया नहीं जाएगा।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: