उत्तराखंड के गौरीकुंड में भूस्खलन के बाद लापता हुए लोगों की तलाश जारी

रुद्रप्रयाग (उत्तराखंड), उत्तराखंड में गौरीकुंड के पास अचानक आई बाढ़ के कारण हुए भूस्खलन के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए अभियान शनिवार को भी जारी है।  जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार के अनुसार, स्थानीय प्रशासन की एक टीम के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के 100 जवान तलाश अभियान में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि लापता लोगों को खोजने के लिए ड्रोन का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।

             अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी खोज और बचाव कार्यों की समीक्षा के लिए घटनास्थल का दौरा करने वाले हैं।  रजवार ने कहा कि अब तक तीन शव मिले हैं और 17 लोग लापता हैं। हालांकि, जिला प्रशासन ने शुक्रवार को कहा था कि चार शव बरामद किए गए हैं।

             बृहस्पतिवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को केदारनाथ के रास्ते में गौरीकुंड के पास डाट पुलिया के निकट अचानक आई बाढ़ के बाद हुए भूस्खलन में तीन दुकानें बह गई थीं और 20 लोग लापता हो गए थे। जिस स्थान पर दुकानें थीं, उससे करीब 50 मीटर नीचे मंदाकिनी नदी बहती है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: