केंद्र अवश्य ही पोलावरम परियोजना के लिए सहयोग करेगा, आंध्र प्रदेश भाजपा प्रमुख

अमरावती, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आंध्र प्रदेश इकाई की प्रमुख डी पुरंदेश्वरी ने सोमवार को कहा कि अगर राज्य सरकार अनुरोध करती है तो राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नीत केंद्र सरकार पोलावरम परियोजना के लिए तत्काल सहयोग करेगा। पुरंदेश्वरी ने एक स्थानीय समाचार चैनल से बातचीत के दौरान परियोजना की मौजूदा स्थिति के लिए वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) सरकार को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा ‘‘अगर राज्य सरकार अनुरोध करती है तो केंद्र सरकार अवश्य ही तत्काल सहयोग करेगी।’’ आंध्र प्रदेश की राजग सरकार का नेतृत्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू कर रहे हैं। राज्य में तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) भाजपा और जनसेना राजग के घटक दल हैं। भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के अनुसार जब इस परियोजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित किया गया था तब से केंद्र सरकार इस परियोजना के लिए अपना सहयोग दे रही है। उन्होंने कहा ‘‘हो सकता है कि बिल जमा करने में देरी हुई हो लेकिन एक बार बिल जमा हो जाने के बाद तुरंत राशि जारी कर दी जाती है। लेकिन बिल को उचित प्रारूप में केंद्र को जमा करने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की होती है।’’ उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार के कार्यकाल के दौरान यह परियोजना आगे नहीं बढ़ी और यह पूर्ववर्ती सरकार की इसके प्रति उदासीनता को दर्शाता है। नायडू ने सोमवार को स्थिति का जायजा लेने के लिए परियोजना का निरीक्षण किया। इस परियोजना के तहत गोदावरी नदी पर मिट्टी एवं पत्थर युक्त बांध बनाने की परिकल्पना की गई है। बांध की अधिकतम ऊंचाई 48 मीटर है। इस परियोजना से 4.3 लाख हेक्टेयर भूमि सिंचित होगी 960 मेगावाट की स्थापित क्षमता के साथ पनबिजली पैदा होगी और परियोजना के आसपास के 611 गांवों में पेयजल सुविधा उपलब्ध होगी जिससे विशेषकर विशाखापत्तनम पूर्वी गोदावरी तथा पश्चिमी गोदावरी और कृष्णा जिलों में रहने वाले 30 लाख लोग कवर होंगे।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: