खरगे, राहुल ने पेरिस ओलंपिक में भारत को पहला पदक दिलाने के लिए मनु भाकर की प्रशंसा की

नयी दिल्ली, कांग्रेस ने रविवार को पेरिस ओलंपिक में देश के लिए पहला पदक जीतने पर भारतीय महिला निशानेबाज मनु भाकर को बधाई दी। स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने रविवार को महिला 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में कांस्य पदक के साथ निशानेबाजी में ओलंपिक पदक के भारत के 12 साल के इंतजार को खत्म किया और पेरिस ओलंपिक में भारत के पदक का खाता खोला। वह ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज भी बनीं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा ‘‘भारत ने अपने ओलंपिक अभियान की शुरुआत एक शानदार पदक के साथ की है। पेरिस ओलंपिक 2024 में महिलाओं की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर को हमारी बधाई।’’ खरगे ने कहा ‘‘आपकी उपलब्धि आपके असाधारण कौशल और दृढ़ता का प्रमाण है। हमें आप पर बहुत गर्व है। यह महत्वपूर्ण अवसर अनगिनत युवा एथलीटों को उत्कृष्टता के लिए प्रयास करते रहने को प्रेरित करेगा।’’ कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें पेरिस ओलंपिक 2024 में भारत को अपना पहला पदक जीतते देखकर गर्व है। उन्होंने कहा ‘‘ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज-मनु भाकर को कांस्य पदक के लिए बधाई। हमारी बेटियों ने हमें शानदार शुरुआत दी है। आगे भी कई पदक आएंगे।’’ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा ‘‘पेरिस ओलंपिक 2024 में पहला पदक लाने के लिए मनु भाकर को बहुत-बहुत बधाई। यह देश के लिए बहुत ही ऐतिहासिक और खुशी का अवसर है।’’ उन्होंने कहा ‘‘यह अवसर इसलिए भी ऐतिहासिक है क्योंकि मनु भाकर निशानेबाजी में ओलंपिक पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला हैं। पूरे देश को आप पर गर्व है।’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: