जब भी उज्जैन में कुंभ मेला होता है तो भाजपा जीतती है: मुख्यमंत्री यादव

भोपाल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बुधवार को कहा कि जब भी उज्जैन में सिंहस्थ कुंभ मेला लगता है तो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर चुनाव जीतती है।यादव लोकसभा चुनाव से पहले सत्तारूढ़ पार्टी के प्रचार रथों को हरी झंडी दिखाने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि वाहन राज्य के सभी 29 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरेंगे और भाजपा के ‘संकल्प पत्र’ (घोषणा पत्र) के लिए सुझाव मांगेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘ भाजपा सरकार भारी जनसमर्थन से बनी है। यह हमारा रिकॉर्ड रहा है कि जब भी उज्जैन में सिंहस्थ का आयोजन होता है तो हम मध्य प्रदेश और केंद्र में सरकार बनाते हैं।’’

लाखों हिंदुओं को आकर्षित करने वाले चार प्रमुख धार्मिक समागमों में से एक सिंहस्थ कुंभ मेला मध्य प्रदेश के उज्जैन में 2028 में आयोजित किया जाएगा। आखिरी उज्जैन सिंहस्थ अप्रैल-मई 2016 में आयोजित किया गया था।  मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले साल के विधानसभा चुनाव के बाद से पार्टी का नारा है ‘‘मोदी के मन में मध्य प्रदेश (एमपी), एमपी के मन में मोदी’’।

सुझाव पेटियां ले जाने वाले प्रचार वाहनों के बारे में यादव ने कहा कि पार्टी विकास के लिए सुझाव एकत्र कर रही है क्योंकि भाजपा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अगली सरकार बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

उन्होंने कहा, ‘‘ हम लोगों को पिछली सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताएंगे और भविष्य के संकल्पों के लिए सुझाव मांगेंगे।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: