तिहाड़ जेल में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत बिगड़ रही है : आप

आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा है कि तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत लगातार बिगड़ती जा रही है। आप नेता आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि भाजपा अरविंद केजरीवाल की जिंदगी से खेल रही है। आतिशी ने कहा, ‘भाजपा ने दिल्ली के सीएम को फर्जी केस में गिरफ्तार किया है। अरविंद केजरीवाल तीन बार दिल्ली के मुख्यमंत्री चुने गए हैं।

केजरीवाल ने दिल्ली के लोगों को मुफ्त बिजली-पानी, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी है। भाजपा के लोग अरविंद केजरीवाल सरकार के जनहित के काम अपने राज्यों में नहीं करवा पा रहे हैं, इसलिए उन्होंने केजरीवाल को जेल में डाल दिया है।’ ‘भाजपा ने केजरीवाल के स्वास्थ्य पर हमला करने की साजिश रची है। उन्हें जेल में मारने की साजिश है। पहले भी तानाशाह अपने विरोधियों को जेल में डालकर उनकी जान लेने की कोशिश करते थे और उनकी सेहत खराब करते थे।

भाजपा की केंद्र सरकार ने सबसे पहले अरविंद केजरीवाल की दवाइयां और इंसुलिन बंद कर दी। उन्हें डॉक्टर से मिलने नहीं दिया गया। कोर्ट जाने के बाद ही अरविंद केजरीवाल को इंसुलिन मिली और डॉक्टर से सलाह लेने की इजाजत मिली।’ आतिशी ने आरोप लगाया। आतिशी ने कहा, “अगर अरविंद केजरीवाल को स्ट्रोक आ गया या उनका ब्रेन डैमेज हो गया तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? जिस दिन ईडी ने केजरीवाल जी को गिरफ्तार किया था, उस दिन उनका वजन 70 किलो था और आज उनका वजन 61.5 किलो है। अचानक वजन कम होना भी खतरनाक बीमारियों का संकेत है। आज जेल में अरविंद केजरीवाल की जान को खतरा है और अगर उन्हें कुछ हुआ तो भगवान भी बीजेपी को माफ नहीं करेंगे।”

Photo : Wikimedia

%d bloggers like this: