तेदेपा प्रमुख की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थन में कई आवाजें उठीं

अमरावती, तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख और आंध्रप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू की करोड़ों रुपये के कथित घोटाला मामले में गिरफ्तारी के बीच कई लोगों ने उनके पक्ष में आवाज उठायी है तथा उनकी गिरफ्तारी को अवैध बताया है। उनके पक्ष में आवाज उठाने वालों में कुछ विदेशी भी हैं।
वैश्विक प्रौद्योगिकी कंपनी जोहो के प्रमुख कार्यकारी श्रीधर वेंबू ने रविवार को नायडू की गिरफ्तारी पर आश्चर्य प्रकट किया।
वेंबू ने ‘एक्स’पर पोस्ट किया, ‘‘ मैं यह खबर पढ़कर स्तब्ध रह गया कि नायडू जी को कल गिरफ्तार कर लिया गया। मैं उन्हें जानता हूं तथा उन्होंने जोहो समेत कई कंपनियों को आंध्रप्रदेश में लाने के लिए कठिन परिश्रम किया। मैं आशा करता हूं कि इंसाफ होगा।’’
इस बीच प्रकाशम जिले के कानगिरि में नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में आज एक दिन के उपवास पर बैठने आये तेदेपा समर्थकों को पुलिस ने वहां से भगा दिया। एक पार्टी पदाधिकारी ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि तिरूपति के श्रीकलाहस्ती और पूर्व गोदावरी जिले के कोव्वुरू में पुलिस ने इस तरह के प्रदर्शनों को नाकाम कर दिया।
उससे पहले तेदेपा ने लंदन में ब्रिटिश संसद के सामने महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास अपने विदेशी समर्थकों द्वारा विरोध प्रदर्शन किये जाने के कुछ वीडियो साझा किये।
फिलहाल आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगनमोहन रेड्डी दस दिनों की निजी यात्रा पर लंदन में हैं तथा वह सोमवार को आंध्रप्रदेश लौट सकते हैं।
इस बीच, वाईएसआरसीपी के नेता और राज्यसभा सदस्य वी विजयसाई रेड्डी ने सवाल किया कि नायडू को कथित घोटालों में उनकी भूमिका को लेकर गिरफ्तार क्यों नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि तेदेपा प्रमुख कई अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार हैं जिनमें एपी-सीआरडीए घोटाला, एपी-फाइबरनेट घोटाला, एपी स्किल डेवलपमेंट घोटाला, अमरावती जमीन घोटाला, ईएसआई चिकित्सा खरीद घोटाला और 2016 में वोट के बदले नकद घोटाला आदि शामिल हैं।
अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच नायडू को विजयवाड़ा में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो अदालत में पेश किया। विभाग ने ही उन्हें करोड़ों रुपये के कौशल विकास निगम घोटाले में उनकी कथित भूमिका को लेकर गिरफ्तार किया था।
उच्चतम न्यायालय के वकील सिद्धार्थ लूथरा की अगुवाई में नायडू के वकीलों की एक टीम तथा सीआईडी वकीलों के बीच अदालत में करीब सात घंटे बहस चली है । अब फैसले की प्रतीक्षा है।
नायडू को शनिवार को नंदयाला में तड़के उस समय गिरफ्तार किया था जब वह सो रहे थे।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: