तेल कंपनी सउदी अरामको ने 2022 में 161 अरब डॉलर का रिकॉर्ड लाभ कमाया

दुबई, तेल कंपनी सऊदी अरामको ने 2022 में 161 अरब डॉलर का लाभ अर्जित किया है, जो किसी भी सार्वजनिक क्षेत्र की सूचीबद्ध कंपनी द्वारा अर्जित किया गया सर्वाधिक लाभ है। कंपनी ने रविवार को यह जानकारी दी।

कंपनी का मुनाफा 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद ऊर्जा की कीमतों में वृद्धि के कारण रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। सऊदी अरामको के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) और अध्यक्ष अमीन एच नसीर ने एक बयान में कहा, “हमें उम्मीद है कि निकट भविष्य में तेल और गैस की मांग बनी रहेगी।”

कंपनी ने 2021 में 110 अरब डॉलर का लाभ अर्जित किया था। इस तरह 2022 में उसका लाभ 46.5 प्रतिशत बढ़ा। कंपनी ने 2020 में कोविड महामारी के कारण लॉकडाउन के बीच 49 अरब डॉलर का लाभ अर्जित किया था।

अरामको ने 2022 में प्रतिदिन 115 लाख बैरल कच्चे तेल का उत्पादन किया। कंपनी ने 2027 तक इसके प्रतिदिन 130 लाख बैरल तक पहुंचने की उम्मीद जताई है। उत्पादन बढ़ाने के लिए कंपनी इस साल प्रमुख परियोजनाओं में लगभग 55 अरब डॉलर खर्च करने की योजना बना रही है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: