दिल्ली नगर निगम ने भ्रष्टाचार शिकायत प्रकोष्ठ का गठन किया

नयी दिल्ली, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने भ्रष्टाचार को बिल्कुल बर्दाश्त न करने की नीति अपनाते हुए एक भ्रष्टाचार शिकायत प्रकोष्ठ की स्थापना की है और ऐसी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर और एक ईमेल पता जारी किया है। रविवार को जारी एक आधिकारिक बयान में इस बाबत जानकारी दी गयी।

भ्रष्टाचार शिकायत प्रकोष्ठ अपर आयुक्त की देखरेख में काम करेगा।

बयान में कहा गया है, ‘‘दिल्ली नगर निगम ने भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस का दृष्टिकोण अख्तियार किया है। इस दिशा में काम करते हुए, निगम ने एक ‘भ्रष्टाचार शिकायत प्रकोष्ठ’ की स्थापना की है।’’

बयान के अनुसार, ‘‘नवगठित प्रकोष्ठ नगर निगम के अधिकारियों/विभागों के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायतों से निपटेगा। कोई भी व्यक्ति लिखित रूप में या ई-मेल के माध्यम से निगम से संबंधित भ्रष्टाचार पर अपनी शिकायत दर्ज कर सकता है।’’

एमसीडी ने एक ई-मेल पता, टेलीफोन नंबर और एक पता जारी किया है जिस पर शिकायत दर्ज की जा सकती है।

बयान में कहा गया है, ‘‘अतिरिक्त उपायुक्त (मुख्यालय) भ्रष्टाचार शिकायत प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी होंगे, जो अतिरिक्त आयुक्त की देखरेख में काम करेंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि शिकायतों का निवारण किया जाए और यदि आवश्यक हो तो उचित कार्रवाई की जाए।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : https://twitter.com/MCD_Delhi/photo

%d bloggers like this: