दिल्ली में बढ़ रहा यमुना का जलस्तर, बाढ़ से निपटने को विभाग तैयार: मंत्री

नयी दिल्ली,  दिल्ली के सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री सौरभ भारद्वाज ने बाढ़ की स्थिति से निपटने की तैयारियों की समीक्षा के बाद मंगलवार को कहा कि हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के कारण यमुना का जलस्तर बढ़ रहा है।

             पुराने रेलवे पुल (ओआरबी) पर यमुना का जलस्तर 204.35 मीटर तक पहुंच गया है। भारद्वाज ने बताया कि चेतावनी स्तर 204.5 मीटर है। उन्होंने बताया कि हथिनीकुंड बैराज से फिलहाल 10 000 से 13 000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।

             उन्होंने कहा कि लोगों को यमुना के बढ़ते जलस्तर से बचने की चेतावनी देने और बच्चों को नदी के पास जाने या उसमें तैरने से रोकने के लिए मंगलवार से मुनादी शुरू होगी।

             भारद्वाज ने कहा कि जरूरत पड़ने पर नावों की व्यवस्था और बचाव कार्यों के लिए सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण तथा राजस्व विभाग की तैयारियां पूरी हैं। नदी के खतरे के निशान पर पहुंचने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए बचाव कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

             मंत्री ने कहा कि पिछले मानसून के मौसम में शहर में आई बाढ़ की स्थिति को फिर से बनने से रोकने के लिए विभागों ने खुद को तैयार कर लिया है। मंत्री ने कहा कि नदी के प्रवाह में आने वाले आईटीओ बैराज के जाम हो गए गेट जैसे अवरोधों को दूर कर लिया गया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: