मलेशिया के साथ भारत के रिश्ते बहुमूल्य : उच्चायुक्त रेड्डी

कुआलालंपुर, भारतीय उच्चायुक्त बी. एन. रेड्डी ने मलेशिया के साथ भारत के रिश्तों को ‘‘बहुमूल्य’’ करार देते हुए कहा कि दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को सुदृढ़ करने के लिए द्विपक्षीय व्यापार और निवेश में इजाफे की व्यापक संभावनाएं हैं।
मलेशिया में भारत के उच्चायुक्त रेड्डी ने कहा, ‘‘यह एक ऐसा रिश्ता है जो निकटता, प्रवासी संपर्क और इस बढ़ी हुई रणनीतिक साझेदारी को साकार करने की दोनों सरकारों की इच्छा को देखते हुए इस क्षेत्र के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।’’
‘आसियान-भारत मीडिया एक्सचेंज प्रोग्राम 2023’ के हिस्से के रूप में मलेशिया का दौरा करने वाले भारतीय पत्रकारों के एक समूह से बातचीत में रेड्डी ने कहा कि दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं।
उन्होंने मलेशिया के साथ संबंधों को भारत के लिए ‘‘बहुमूल्य’’ बताया और कहा कि दोनों देशों ने पिछले साल ही अपने राजनयिक संबंधों के 65 वर्ष पूरे किए हैं और दोनों देश अब 2015 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा के दौरान प्रगाढ़ हुई रणनीतिक साझेदारी को साकार करने की प्रक्रिया में हैं।
रेड्डी ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान, यह निर्णय लिया गया कि मलेशिया के साथ हमारे संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जाएगा।’’
उन्होंने लगभग 29 लाख की प्रवासी भारतीय समुदाय की आबादी का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘संक्षेप में कहें तो, मलेशिया में दूसरा सबसे बड़ा समुदाय भारतीय मूल का है। मैं कहूंगा कि यहां एक ‘मिनी इंडिया’ है। भले ही तमिल बोलने वालों की संख्या सबसे अधिक है, लेकिन मलयालम, तेलुगु, पंजाबी, गुजराती और उड़िया भाषी लोग भी काफी हैं, जो हमें मलेशिया के साथ अधिक गहराई से जुड़ने के लिए एक प्राकृतिक पुल प्रदान करता है।’’
उन्होंने कहा कि संबंधों में वास्तविक स्थिरता व्यापार और आर्थिक निवेश संबंधों से आती है।
रेड्डी ने कहा, ‘‘हमारा द्विपक्षीय व्यापार 20 अरब अमेरिकी डॉलर है और हमें उम्मीद है कि अगले तीन वर्षों में यह बढ़कर 25 अरब अमेरिकी डॉलर हो जाएगा।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: