मलेशिया ने जोहोर राज्य के शासक को राजा चुना

कुआलालंपुर, मलेशिया के शाही परिवारों ने जोहोर राज्य के शासक सुल्तान इब्राहिम इस्कंदर को देश का नया राजा चुना है। शाही महल ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। महल ने एक बयान में कहा कि इस्कंदर (64) 31 जनवरी को पांच साल के लिए राजगद्दी संभालेंगे।

            इस्कंदर को राजा चुना जाना अपेक्षित था क्योंकि देश के नौ राज्यों के शासकों के बीच स्थापित क्रम व्यवस्था के आधार पर इस बार सिंगापुर की सीमा से लगे जोहोर राज्य के शासक के राजा बनने की बारी थी।

             वह पहांग राज्य के शासक सुल्तान अब्दुल्ला सुल्तान अहमद शाह की जगह लेगें। अहमद शाह जनवरी 2019 से राजा के पद पर आसीन हैं।

             मलेशिया के नौ राज्यों के शासक बारी-बारी से पांच साल के लिए देश के राजा के पद पर आसीन होते हैं। यह दुनिया में इस तरह की एकमात्र व्यवस्था है। साल 1957 में ब्रिटेन से आजादी के बाद से देश में यह व्यवस्था बरकरार है।

             मलेशिया में राजा की भूमिका आमतौर पर औपचारिक होती है, क्योंकि प्रशासनिक शक्ति प्रधानमंत्री और संसद के पास होती है। लेकिन राजा को खासकर जातीय मलय मुस्लिम बहुसंख्यकों के बीच इस्लाम और मलय परंपरा का संरक्षक माना जाता है।

             औपचारिक भूमिका होने के बावजूद राजा हाल के वर्षों में राजनीति में अधिक सक्रिय हो गए हैं। वर्तमान राजा सुल्तान अब्दुल्ला को पिछले कुछ वर्षों में यह तय करने के लिए हस्तक्षेप करना पड़ा कि प्रधानमंत्री कौन बनेगा। इसमें 2018 के आम चुनावों के बाद त्रिशंकु संसद बनने के बाद अनवर इब्राहिम को प्रधानमंत्री के रूप में नामित करना शामिल था।

             सुल्तान इब्राहिम ने खुद को राजा चुने जाने पर समाचार एजेंसी ‘बरमाना’ से कहा, “यह पदोन्नति नहीं है। यह एक जिम्मेदारी है, जिसे ग्रहण करने के लिए मैं तैयार हूं। जनता महेशा सर्वोपरि रहेगी।”

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: