महिला चिकित्सक हत्या मामला: भाजपा ने ममता बनर्जी से इस्तीफे की मांगा की

कोलकाता, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रही हैं जिससे पश्चिम बंगाल देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। पार्टी ने इसी के साथ उनसे इस्तीफे की मांग की। भाजपा के आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पिछले 24 घंटों में बीरभूम के एक अस्पताल में एक नर्स से हावड़ा के एक अस्पताल में एक नाबालिग लड़की से और उत्तर 24 परगना में एक अन्य नाबालिग लड़की के साथ कथित छेड़छाड़ की घटनाओं को रेखांकित किया। मालवीय ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा ‘‘जब पश्चिम बंगाल में जीवंत नागरिक समाज महिला चिकित्सक के लिए न्याय की मांग को लेकर आंदोलनरत है जिसकी आर.जी. कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई तो उसी समय बीरभूम के स्वास्थ्य केंद्र में एक नर्स के साथ यौन उत्पीड़न की घटना होती है और अब हावड़ा के एक अस्पताल में एक कर्मचारी ने सीटी स्कैन कक्ष में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ करने की कोशिश की है।’’ उन्होंने सवाल किया ‘‘बंगाल की स्वास्थ्य मंत्री ममता बनर्जी को इस्तीफा देने के लिए और क्या चाहिए ताकि महिलाओं पर हमला करने वाले पुरुष जो खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं कानून से डरने लगें ’’ भाजपा नेता ने कहा ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं कि ये लोग बेलगाम हो गए हैं क्योंकि ममता बनर्जी ने सरकारी अस्पतालों को पैसा कमाने की मशीन बना दिया है जहां आपराधिक गिरोह दवाओं से लेकर लाशों अस्पताल के बिस्तरों से लेकर डॉक्टर के अपॉइंटमेंट तक हर चीज का व्यापार कर रहे हैं। ‘कट मनी’ संस्कृति इन तृणमूल कांग्रेस के लोगों को बलात्कार और लूट का अनुमति देती है।’’ उन्होंने कहा ‘‘ममता बनर्जी की वजह से पश्चिम बंगाल महिलाओं के लिए सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। उन्होंने बलात्कार और यौन उत्पीड़न से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के मामलों में आरोपियों को दंडित करने के लिए कड़े नियम लागू करने और ‘फास्ट-ट्रैक कोर्ट’ स्थापित करने के लिए कुछ नहीं किया है।’’ बीरभूम में इल्लमबाजार ब्लॉक अस्पताल में एक नर्स के साथ शनिवार रात को एक पुरुष मरीज ने कथित तौर पर छेड़छाड़ की और उसे गाली दी। हावड़ा में जिला मुख्यालय अस्पताल में एक नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ करने के आरोप में एक प्रयोगशाला तकनीशियन को गिरफ्तार किया गया जहां पिछले सप्ताह 12 वर्षीय लड़की को भर्ती कराया गया था। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी की युवा शाखा डेमोक्रेटिक यूथ फेडरेशन ऑफ इंडिया (डीवाईएफआई) के सदस्यों ने रविवार को ब्लॉक अस्पताल में प्रदर्शन किया और इसके अधीक्षक के इस्तीफे की मांग की। मध्यमग्राम के राजबाड़ी इलाके में भीड़ ने 10 वर्षीय लड़की से छेड़छाड़ के आरोपी पंचायत सदस्य के घर में तोड़फोड़ की। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने कहा ‘‘ममता बनर्जी के शासन में पश्चिम बंगाल में एक के बाद एक घटनाएं हो रही हैं जो महिलाओं और नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में पूरी तरह विफल रही हैं। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।’’ तृणमूल कांग्रेस नेता कुणाल घोष ने भाजपा पर आरजी कर अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ बलात्कार-हत्या की घटना पर पर जनता के असंतोष का फायदा उठाने और लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई ममता बनर्जी सरकार को अस्थिर करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। घोष ने कहा ‘‘हमारी मुख्यमंत्री ने बलात्कार की किसी भी घटना के लिए शून्य सहनशीलता की घोषणा की है और बलात्कारियों को मृत्युदंड देने की मांग कर रही हैं। आरजी कर की घटना से हम सभी व्यथित हैं। लेकिन महिलाओं और बच्चों पर यौन उत्पीड़न की हर निंदनीय घटना को उजागर करके और सत्तारूढ़ पार्टी पर दोष मढ़कर भाजपा राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं के यौन शोषण हमले छेड़छाड़ और बलात्कार के बारे में क्या ’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: