मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सपा को घेरा, किया आपराधिक वारदात में गिरावट का दावा

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर घेरते हुए कहा कि सपा के शासनकाल के मुकाबले इस वर्ष तक अपराधों की संख्या में खासी गिरावट आयी है। मुख्यमंत्री ने विधानसभा में अनुपूरक बजट पर चर्चा का जवाब देते हुए यह बात कही। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘ अयोध्या में समाजवादी पार्टी का एक कार्यकर्ता पिछड़ी जाति की 12 वर्षीय एक बच्ची से दुष्कर्म के कृत्य में शामिल पाया गया है। अभी तक सपा ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। मैं यह नहीं समझ पा रहा हूं कि यह सब क्या है। वह अयोध्या के सपा सांसद (अवधेश प्रसाद) के साथ उठ-बैठ रहा है।’’ उन्होंने कहा कल ही हरदोई में एक अधिवक्ता की हत्या की घटना हुई। इसमें शामिल अभियुक्त समाजवादी पार्टी का जिला अध्यक्ष है। उस पर हत्या समेत विभिन्न जघन्य मामलों के 28 मुकदमे दर्ज हैं। इस प्रकार के अपराधियों को हम गोली नहीं मारेंगे तो क्या माला पहनाएंगे यह समाज का कोढ़ है और इस कोढ़ को जब तक हटाएंगे नहीं तब तक उत्तर प्रदेश की स्थिति को ठीक करने में कठिनाई होगी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़े पेश करते हुए कहा कि वर्ष 2016 में राज्य में सपा की सरकार थी। तब के मुकाबले 2024 में डकैती के मामलों में 86.47 प्रतिशत की कमी आई है। वहीं लूट के मामलों में 78.17प्रतिशत हत्या के मामलों में 43.21 प्रतिशत बलवा के मामलों में 67.42 प्रतिशत और फिरौती के लिए अपहरण के मामलों में 70 प्रतिशत की कमी आई है। उन्होंने कहा महिला संबंधी अपराधों के मामले में दहेज मृत्यु दर में 17.43 प्रतिशत की गिरावट आई है। इसके अलावा बलात्कार के मामलों में 25.30 प्रतिशत की शील भंग में 16.56 प्रतिशत और अपहरण के मामलों में 0.17 प्रतिशत की कमी आई है। क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: