विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ ने ‘भ्रष्टाचार के लिए नए विचार’ पेश करने के मकसद से उद्योग स्थापित किया: भाजपा

नयी दिल्ली, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शुक्रवार को विपक्षी दलों पर ताजा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने ‘भ्रष्टाचार लिए नए विचार’ पेश करने के मकसद से उद्योग स्थापित कर लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ यानी ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लूसिव अलायंस’ में ‘सितारों से सजी शख्सियतें’ हैं, जिसका नेतृत्व कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी कर रहे हैं और उनके बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद और उनके बेटे तेजस्वी यादव हैं।

            उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भाजपा के खिलाफ जो गठबंधन बनाया गया है, वह ‘इंडियन नोटोरियस डकैत्स आफ इंडिया एसोसिएशन’ (भारत के कुख्यात डकैतों का संघ) है, जिसे हम आईएनडीआई गठबंधन कहते हैं।’’

            उन्होंने कहा कि विपक्षी गुट ने भ्रष्टाचार के लिए नए विचार पेश करने के मकसद एक ‘उद्योग’ स्थापित किया है क्योंकि इन दलों में ‘भ्रष्टाचार और धन की अमिट भूख’ है। आलोक ने कहा, ‘‘उनके पास इतने भ्रष्ट विचार हैं कि आप एक को खत्म कर देते हैं और दूसरा सामने आ जाता है।’’भ्रष्टाचार के मुद्दे पर विपक्षी दलों पर भाजपा का ताजा हमला पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव से पहले हुआ है।

            आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए भाजपा प्रवक्ता ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘भ्रष्टाचार का अन्वेषक’ करार दिया और कहा कि उसके (आप के) दो नेता दिल्ली आबकारी मामले में जेल में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल भ्रष्टाचार के इनोवेटर (नवाचार करने वाले) हैं। वह भ्रष्टाचार के नए-नए विचारों के साथ आते रहते हैं। दिल्ली में सत्ता में आने के बाद उन्होंने अपने 250 लोगों को (दिल्ली सरकार में) विभिन्न पदों पर नियुक्त कर के 1,200 करोड़ रुपये का घोटाला किया, जिनका वेतन एक लाख रुपये से दो लाख रुपये तक था।’’

            उन्होंने कहा, ‘‘उनके दो नेता शराब घोटाले के सिलसिले में जेल में हैं। उन्हें जमानत नहीं मिल रही है। वे प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ निराधार आरोप लगाते हैं। डिस्कॉम घोटाला हुआ है।’’    मुख्यमंत्री केजरीवाल के आधिकारिक आवास के नवीनीकरण में कथित अनियमितताओं का जिक्र करते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि केजरीवाल का ‘शीश महल’ घोटाला भी है।

            आलोक ने कहा कि दिल्ली के उपराज्यपाल वी के सक्सेना ने दिल्ली फार्मास्युटिकल साइंसेज एंड रिसर्च यूनिवर्सिटी (डीपीएसआरयू) में 2019 से प्रोफेसर, सहायक प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और रीडर पदों पर भर्ती में अनियमितताओं की जांच का आदेश दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘जरा सोचिए अगर योग्यता से समझौता किया जाता है, तो दवा अनुसंधान कंपनियों द्वारा उत्पादित दवाएं कौन लेगा… देश के गरीब लोग उन दवाओं को लेंगे।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: