विपक्षी पार्टियों ने सत्ता को अपनी तिजोरी भरने का माध्यम बनाया: मोदी

डेहरी ऑन सोन/ गया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में राजद सहित विपक्ष पर शुक्रवार को आरोप लगाया कि राज्य के विकास की हर योजना को अटकाने वाले विपक्ष ने अपने 15 साल के शासन में बिहार को लगातार लूटा और सत्ता को अपनी तिजोरी भरने का माध्यम बनाया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता भ्रम में नहीं है और उसने आत्मनिर्भरता के लिये नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार बनाने का मन बना लिया है। प्रधानमंत्री ने बिहार में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के लोगों ने मन बना लिया है, ठान लिया है कि जिनका इतिहास बिहार को बीमारू बनाने का है, उन्हें आसपास भी नहीं फटकने देंगे।’’

मोदी ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ मंच साझा करते हुए आरोप लगाया कि जब बिहार के लोगों ने इन्हें (विपक्ष को) सत्ता से बेदखल कर दिया और नीतीश कुमार को मौका दिया तो ये बौखला गए और इसके बाद 10 साल तक इन लोगों ने संप्रग सरकार में रहते हुए बिहार पर, बिहार के लोगों पर अपना गुस्सा निकाला। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन लोगों को आपकी जरूरतों से कभी सरोकार नहीं रहा और इनका ध्यान अपने स्वार्थों एवं अपनी तिजोरी पर रहा है।

उन्होंने कहा कि यही कारण है कि भोजपुर सहित पूरे बिहार में लंबे समय तक बिजली, सड़क, पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विकास नहीं हो पाया।

मोदी ने कहा, ‘‘राजग के विरोध में इन लोगों ने मिलकर जो ‘पिटारा’ बनाया है, जिसे ये लोग महागठबंधन कहते हैं, उसकी रग-रग से बिहार के लोग वाकिफ हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘जो लोग नक्सलियों को, हिंसक गतिविधियों को खुली छूट देते रहे, आज वे राजग के विरोध में खड़े हैं।’’

मोदी ने कहा, ‘‘आज राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के सभी दल मिलकर आत्मनिर्भर एवं आत्मविश्वासी बिहार के निर्माण में जुटे हैं। बिहार को अब भी विकास के सफर में मीलों आगे जाना है। नई बुलंदी की तरफ उड़ान भरनी है।’’

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया


%d bloggers like this: