संगरूर संसदीय सीट पर निष्पक्ष उपचुनाव के लिए सभी जरूरी बंदोबस्त पूरे : निर्वाचन अधिकारी

संगरूर (पंजाब), पंजाब की संगरूर संसदीय सीट पर 23 जून को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण उपचुनाव सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक बंदोबस्त कर लिये गए हैं। इस संसदीय क्षेत्र के निर्वाचन अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।

यह लोकसभा सीट भगवंत मान के 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में धुरी विधानसभा क्षेत्र से जीतने के बाद खाली हुई थी। मान फिलहाल राज्य के मुख्यमंत्री हैं।

निर्वाचन अधिकारी जितेंद्र जोरवाल ने कहा, ‘‘स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण उपचुनाव कराने के लिए सभी जरूरी इंतजाम कर लिये गए हैं।’’

जोरवाल के अनुसार, इस निर्वाचन क्षेत्र में 8,30,056 पुरुष, 7,39,140 महिला और 44 किन्नर सहित 15,69,240 पात्र मतदाता हैं। उन्होंने बताया कि 13 पुरुष और तीन महिलाओं सहित 16 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं।

उन्होंने बताया कि मतदान सुबह आठ बजे से शाम छह बजे तक होगा और मतगणना 26 जून को होगी। पंजाब में सरकार बनने के बाद यह उपचुनाव आम आदमी पार्टी (आप) की पहली बड़ी चुनावी लड़ाई होगी।

आप ने पार्टी के संगरूर जिले के प्रभारी गुरमेल सिंह को मैदान में उतारा है, जबकि कांग्रेस ने धुरी के पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी पर दांव लगाया है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बरनाला के पूर्व विधायक केवल ढिल्लों को मैदान में उतारा है, जो चार जून को पार्टी में शामिल हुए थे। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रमुख सिमरनजीत सिंह मान भी यहां से चुनाव लड़ रहे हैं।

शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री बेअंत सिंह हत्याकांड के दोषी बलवंत सिंह राजोआना की बहन कमलदीप कौर को मैदान में उतारा है।

इस बीच, जोरवाल ने कहा कि पूरे निर्वाचन क्षेत्र में तैनात पुलिस और अर्धसैनिक बल स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए शराब, नशीले पदार्थों और धन के प्रवाह की जांच के लिए गहन तलाशी कर रहे हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: