सड़क मंत्रालय को चालू वित्त वर्ष में 13,000 किलोमीटर तक राजमार्गों के निर्माण की उम्मीद

नयी दिल्ली, सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय को वित्त वर्ष 2023-24 में 12,000 किमी से 13,000 किमी के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग बनाने की उम्मीद है। जबकि लक्ष्य 13,813 किमी का है। मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह बात कही।

मंत्रालय ने वित्त वर्ष 2019-20 में 10,237 किमी, 2020-21 में 13,327 किमी, 2021-22 में 10,457 किमी और 2022-23 में 10,331 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण किया।

मंत्रालय ने जनवरी, 2024 के अंत तक 7,685 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण पूरा कर लिया है।

सड़क परिवहन एवं राजमार्ग सचिव अनुराग जैन ने यहां संवाददाताओं से कहा, “हम शेष दो महीनों में 4,500-5,000 किमी को लेकर आशान्वित हैं, जिससे हमें चालू वित्त वर्ष में 12,000 से 13,000 किमी के बीच लक्ष्य हासिल करने में मदद मिलेगी। यह दूसरी सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि होगी।”

जैन ने कहा कि चालू वित्त वर्ष में हालांकि अब तक की सबसे अधिक चार-लेन सड़कों का निर्माण किया जाएगा। चालू वित्त वर्ष में 9,500 किमी की क्षमता वृद्धि के साथ अब तक की सबसे अधिक गति या पहुंच नियंत्रित राजमार्ग बनाए जाएंगे, जो एक रिकॉर्ड होगा।

उन्होंने कहा कि मंत्रालय को मार्च के अंत तक 10,000 करोड़ रुपये की राजमार्ग परियोजनाएं आवंटित करने का भी भरोसा है।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क 2014 में 91,287 किमी से 60 प्रतिशत बढ़कर वर्ष 2023 में 1,46,145 किमी हो गया है।

सचिव ने कहा कि चार लेन और उससे ऊपर के राष्ट्रीय राजमार्ग की लंबाई 2014 में 18,387 किमी से 2.5 गुना बढ़कर नवंबर 2023 में 46,179 किमी हो गई।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: