हरियाणा सरकार द्वारा पानी नहीं छोड़े जाने के कारण वजीराबाद बैराज में जलस्तर कम हो गया है : आतिशी

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने वजीराबाद बैराज का दौरा किया और कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा यमुना में पानी नहीं छोड़े जाने के कारण वजीराबाद बैराज में जलस्तर कम हो गया है। आतिशी ने कहा कि दिल्ली में वजीराबाद बैराज वजीराबाद, चंद्रावल और ओखला जल शोधन संयंत्रों को पानी की आपूर्ति करता है। लेकिन, हरियाणा सरकार द्वारा यमुना में पानी नहीं छोड़े जाने के कारण इसका जलस्तर 674.5 फीट से गिरकर 668 फीट पर आ गया है। स्थिति यह है कि वजीराबाद तालाब में सूखे टापू दिखने लगे हैं। इससे जल शोधन संयंत्र में पानी का उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आतिशी ने हरियाणा सरकार से यमुना नदी में तत्काल पानी छोड़े जाने का अनुरोध किया। 

आतिशी ने कहा, “अगर पानी नहीं मिलेगा तो वाटर ट्रीटमेंट प्लांट कैसे काम करेंगे? हम हरियाणा से अपील करते हैं कि दिल्ली के लोग परेशान हैं और उन्हें यमुना नदी में पानी छोड़ना चाहिए।” “दिल्ली को वजीराबाद बैराज और मुनक नहर से यमुना का पानी मिलता है और 7 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भूमिगत जलाशयों से इस पानी को साफ करके पाइपलाइन के जरिए लोगों के घरों तक पहुंचाते हैं। यमुना में पानी नहीं आने से वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का उत्पादन कम हो गया है। 

जहां आम दिनों में 1005 एमजीडी पानी का उत्पादन होता है, वहीं हरियाणा सरकार द्वारा यमुना में पानी नहीं छोड़े जाने के कारण कल सिर्फ 917 एमजीडी पानी का उत्पादन हुआ। इसके कारण दिल्ली के कई इलाकों में आपूर्ति कम हो गई है।” आतिशी ने कहा कि वजीराबाद बैराज में जलस्तर कम होने के कारण यहां का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट जो 134 एमजीडी तक पानी का उत्पादन कर सकता है, सिर्फ 86 एमजीडी पानी का उत्पादन कर रहा है। पानी की कमी के कारण प्लांट के कई फिल्टर काम नहीं कर रहे हैं। अगर हरियाणा सरकार पानी नहीं छोड़ती है तो पानी की समस्या और बढ़ जाएगी। 

PC:https://twitter.com/AtishiAAP/status/1802676163195871602/photo/1

%d bloggers like this: