लखनऊ/अयोध्या (उप्र), समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की 12 दिसंबर को प्रस्तावित अयोध्या यात्रा से पहले जहां संतों का एक वर्ग चाहता है कि अखिलेश कारसेवकों पर अतीत में की गयी गोलीबारी के लिये माफी मांगें तो वहीं दूसरे वर्ग का कहना है कि माफी उनके पिता मुलायम सिंह को मांगनी चाहिए थी।
वर्ष 1990 में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और सहायक संगठनों के आह्वान पर अयोध्या में विवादित राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद स्थल की ओर कूच किए हजारों कारसेवकों पर पुलिस ने फायरिंग की थी।
इस घटना के बाद विहिप ने मुस्लिम तुष्टिकरण का आरोप लगाते हुए यादव को ‘मुल्ला मुलायम’ कहा था। भाजपा ने सपा पर निशाना साधने के लिए अक्सर यह मुद्दा उठाया है और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी सपा पर तुष्टिकरण की राजनीति का आरोप लगाते हैं।
महंत कमल नयन दास ने पीटीआई से कहा “हम उनकी (अखिलेश) अयोध्या यात्रा विरोध करेंगे क्योंकि यह “कॉस्मेटिक” है।”
वहीं हनुमानगढ़ी मंदिर के महंत राजू दास ने इसे सनातन के मानने वालों के लिए गर्व का मामला बताते हुए कहा “जो कभी जाली टोपी के प्रबल समर्थक थे वे अब मजबूरी में सनातन धर्म को अपनाने के लिए बाध्य हैं।”
उन्होंने कहा “यदि वह (अखिलेश) सचमुच सच्ची आस्था के साथ जा रहे हैं तो उन्हें सबसे पहले मथुरा जाकर कृष्ण जन्मभूमि के दर्शन करना चाहिए और शाही ईदगाह को गिराकर उसकी जगह एक भव्य मंदिर बनाने का संकल्प लेना चाहिए।”
राजू दास ने कहा “इसके अलावा उन्हें अयोध्या में कारसेवकों के स्तंभ पर श्रद्धांजलि अर्पित करने और अपने पिता द्वारा की गई गंभीर भूल के माफी मांगने के लिए शहीद गली जाना चाहिए। इसके बाद ही उन्हें राम मंदिर जाना चाहिए।”
हालांकि जगद्गुरु परमहंस आचार्य ने शनिवार को ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा “अखिलेश का विरोध राजनीतिक है ना कि धार्मिक। धर्म कहता है कि जो कोई भी भगवान की शरण में आना चाहे उसका स्वागत किया जाना चाहिए।”
उन्होंने कहा कि जहां तक माफी मांग रहे लोगों का संबंध है तो उन्हें मुलायम सिंह के पास जाना चाहिए और उनसे माफी मांगने के लिए कहना चाहिए। अखिलेश ने कारसेवकों पर गोली चलाने का आदेश नहीं दिया था।
इससे पूर्व सात नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा था कि जिन्होंने राम भक्तों पर गोलियां संतों पर लाठियां चलवाईं उन्हें माफी मांगने के बाद ही राम मंदिर जाना चाहिए।
अखिलेश यादव ने अगले महीने राम मंदिर जाने की शुक्रवार को यह कहते हुए पुष्टि की कि ब्राह्मण समुदाय के लोगों से सलाह ली गई है और वह अयोध्या जाएंगे।
सात नवंबर को अयोध्या के पूर्व विधायक पवन पांडेय ने कहा था कि सपा प्रमुख 12 दिसंबर को अयोध्या जाएंगे। पांडेय के मुताबिक अखिलेश की पत्नी डिंपल यादव भी राम मंदिर और हनुमानगढ़ी मंदिर जाएंगी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common