उपराष्ट्रपति ने संविधान दिवस पर भारत के संविधान के अद्यतन संस्करणों को सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में जारी किया

उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने आज संविधान दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के विज्ञान भवन में, आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में भारत के संविधान के अद्यतन संस्करण जारी किए।इस अवसर पर केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।इस अवसर को भारत की लोकतांत्रिक यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि संविधान को सभी अनुसूचित भाषाओं में उपलब्ध कराना भारत की भाषाई विविधता और लोकतांत्रिक समावेशिता का जश्न मनाने जैसा है।

उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा में संविधान तक पहुंच होने से शासन नागरिकों के करीब आएगा और उन्हें अपने संवैधानिक अधिकारों, कर्तव्यों और मूल्यों को बेहतर ढंग से समझने में मदद मिलेगी।संविधान सभा की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. बी. आर. अंबेडकर और संविधान सभा के अन्य सदस्यों को श्रद्धांजलि देते हुए, सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि संविधान केवल एक कानूनी ढांचा नहीं है, बल्कि राष्ट्र की जीवंत आत्मा है। उन्होंने संविधान को लोगों के करीब ले जाने के लिए केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और उनकी टीम के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ये प्रयास भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की भाषाओं और ज्ञान परंपराओं को संरक्षित करने और बढ़ावा देने के लिए की गई पहलों पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ‘ज्ञान भारतम’ और ‘काशी तमिल संगमम’ जैसी पहल भारत की सभ्यतागत विरासत की रक्षा करने और विभिन्न क्षेत्रों के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।

सी. पी. राधाकृष्णन ने कहा कि भारत की ताकत उसकी विविधता में निहित है, और भाषाएं केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि संस्कृति, परंपरा और पहचान की वाहक भी हैं। सभी भारतीय भाषाओं के प्रति आपसी सम्मान पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जहां हर व्यक्ति का अपनी मातृभाषा से विशेष लगाव होता है, वहीं दूसरों की भाषाओं और मातृभाषाओं का सम्मान करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने नागरिकों से अपनी मातृभाषा का जश्न मनाने और उस समृद्ध भाषाई विविधता को अपनाने का आह्वान किया, जो भारत को एक सामंजस्यपूर्ण राष्ट्र बनाती है।महाकवि सुब्रमण्यम भारती के शब्दों को याद करते हुए, उन्होंने कहा कि भले ही भारत में कई भाषाएँ बोली जाती हैं, लेकिन राष्ट्र की सेवा में यहाँ के विचार, आकांक्षाएँ और कार्य एक हैं।

उन्होंने आगे कहा कि संविधान का सभी 22 अनुसूचित भाषाओं में जारी होना ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को दर्शाता है और ‘विकसित भारत @ 2047’ की दिशा में भारत की यात्रा को और मजबूत करेगा।उपराष्ट्रपति ने सभी से ‘राष्ट्र प्रथम’ (Nation First) के मूल मंत्र के साथ काम करने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि सभी भाषाओं के संरक्षण और विकास के लिए एक मजबूत और एकजुट राष्ट्र का होना आवश्यक है।इस अवसर पर कानून और न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल, विधायी विभाग के सचिव डॉ. राजीव मणि और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।https://x.com/VPIndia/status/2125862784986689569/photo/1