ऊर्जा क्षेत्र में 1.72 लाख करोड़ रुपये का निवेश; बांका, सिवान में लगेंगे परमाणु संयंत्र

पटना, बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में करीब 1.72 लाख करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इसके तहत बांका और सिवान में दो परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे जबकि नवादा जमुई और औरंगाबाद में चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ऊर्जा विभाग के बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए परमाणु ऊर्जा और पंप्ड स्टोरेज जलविद्युत सहित ऊर्जा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर निवेश किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से राज्य की बिजली उत्पादन एवं भंडारण क्षमता बढ़ेगी और ऊर्जा व्यवस्था मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक राज्य के उद्योगों को 24 घंटे सस्ती गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है। औद्योगिक विकास और भविष्य की बिजली जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इन परियोजनाओं के लिए समझौते किए गए हैं।

बिहार में औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित बिहार बिजनेस कनेक्ट-2026 के तहत शुक्रवार को पटना में उद्यमियों के साथ संवाद एवं समझौता समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान ऊर्जा क्षेत्र की छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इन परियोजनाओं में कुल 1 72 885 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है।

समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 1.92 करोड़ घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को हर महीने 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना और अन्य सौर ऊर्जा योजनाओं के माध्यम से घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने को प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत मिलेगी और वे अतिरिक्त बिजली बेचकर आय भी अर्जित कर सकेंगे। ऊर्जा क्षेत्र में निवेश और नई परियोजनाएं बिहार के औद्योगिक विकास रोजगार सृजन और आर्थिक समृद्धि को नई गति प्रदान करेंगी। चौधरी ने निवेशकों और उद्यमियों को बिल्ड एंड बिलीव इन बिहार के मंत्र के साथ राज्य के सभी क्षेत्रों में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया तथा उन्हें सुरक्षित निवेश का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर ऊर्जा सचिव और बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड (बीएसपीएचसीएल) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अजय यादव ने कहा कि इन छह परियोजनाओं से बिहार की ऊर्जा उत्पादन एवं भंडारण क्षमता को मजबूती मिलेगी। इससे भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने और औद्योगिक विकास को गति देने में मदद मिलेगी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common