भुवनेश्वर, चक्रवात ‘अकवान’ ने शुक्रवार सुबह ओडिशा के तट पर गोपालपुर के पास दस्तक दी और इसके प्रभाव से भारी बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। हालांकि राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री सुरेश पुजारी ने कहा कि अब तक इस मौसम प्रणाली के कारण राज्य में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बुलेटिन में बताया कि चक्रवात के दस्तक देने की प्रक्रिया सुबह करीब आठ बजे शुरू हुई और पूर्वाह्न 11 बजकर 20 मिनट पर पूरी हुई। आईएमडी ने सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर जारी बुलेटिन में कहा “चक्रवाती तूफान अकवान ने सुबह सात बजकर 30 मिनट से आठ बजकर 30 मिनट के बीच 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं और 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक के झोंकों के साथ गोपालपुर के पास दक्षिणी तटीय ओडिशा और उत्तरी आंध्र प्रदेश को पार किया। इसके तट पर पहुंचने की प्रक्रिया पूरी हो गई है।”
विभाग ने बताया कि दक्षिणी ओडिशा तट पर और उसके आसपास चक्रवात की मौजूदा हवा की रफ्तार 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे है जबकि झोंकों की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही है। तट पर पहुंचने की प्रक्रिया शुरू होने के समय हवा की रफ्तार 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे थी। देश की मौसम एजेंसी ने कहा कि इस मौसम प्रणाली के अगले एक घंटे में उत्तर-उत्तरपूर्व दिशा में बढ़ने और धीरे-धीरे कमजोर होकर गहरे दबाव में बदलने की संभावना है। इसके बाद अगले छह घंटों में इसके दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने का अनुमान है। आईएमडी ने बताया कि अगले एक घंटे में दक्षिणी तटीय ओडिशा के निचले इलाकों (गंजाम और पुरी जिलों) में समुद्र में ज्वार के सामान्य स्तर से 0.3 मीटर ऊंची लहरें उठने और पानी भरने की आशंका है।
चक्रवात के प्रभाव से ओडिशा में भारी बारिश हुई। गंजाम जिले के पात्रापुर में सबसे अधिक 209 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके बाद इसी जिले के हिंजिली में 207 मिलीमीटर चिकिटी में 199 मिलीमीटर गोपालपुर में 190 मिलीमीटर और छत्रपुर में 139 मिलीमीटर बारिश हुई। मुख्य सचिव अनु गर्ग ने कहा “हवाओं का कोई बड़ा असर नहीं हुआ है लेकिन चक्रवात के प्रभाव से बारिश हुई है। अब तक 3.7 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। हमारे अधिकारी स्थिति पर करीबी नजर रखते हुए मौके पर मौजूद हैं।”
ओडिशा सरकार ने तीन लाख से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है संवेदनशील क्षेत्रों में 423 बचाव दल तैनात किए हैं और 9 341 चक्रवात आश्रय स्थल स्थापित किए हैं। ‘अकवान’ बीते 24 दिनों में राज्य को खतरे में डालने वाला इस तरह का तीसरा तूफान है जिसने शुरू में आंध्र प्रदेश में तट से टकराने का अनुमान जताए जाने के बाद अपना रास्ता बदल लिया। उत्तरी हिंद महासागर में चक्रवातों के नामकरण की प्रणाली के तहत ईरान ने अकवान नाम का सुझाया था।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common