चीनी व्यापारियों के संगठन ने सरकार से 30 नवंबर के बाद भंडारण सीमा नहीं बढ़ाने का आग्रह किया

नयी दिल्ली, अखिल भारतीय चीनी व्यापार संघ (एआईएसटीए) ने सरकार से चीनी मिलों में नए पेराई सत्र के शुरू होने और आपूर्ति बढ़ने का हवाला देते हुए कारोबारियों तथा थोक उपभोक्ताओं पर लागू भंडारण सीमा को 30 नवंबर के बाद नहीं बढ़ाने का आग्रह किया है।

संघ ने कहा कि यदि सरकार भंडारण सीमा जारी रखना चाहती है तो पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के सात राज्यों में कारोबारियों के लिए यह सीमा 2 800 टन तथा देश के बाकी हिस्सों में 1 000 टन तय की जानी चाहिए। इसके अलावा थोक उपभोक्ताओं के लिए भंडारण की अवधि बढ़ाकर 45 दिन की जानी चाहिए।

एआईएसटीए के अध्यक्ष प्रफुल्ल विठलानी ने कहा दिसंबर में चीनी की मांग 23 लाख टन रहने का अनुमान है जबकि महीने की शुरुआत में 30 लाख टन चीनी का भंडार उपलब्ध होगा। चीनी मिलें हर दिन दो लाख टन चीनी का उत्पादन करेंगी। अकेले दिसंबर में कम से कम 60 लाख टन चीनी का उत्पादन होगा। अब चीनी की उपलब्धता को लेकर कोई चिंता नहीं है और भंडारण सीमा बढ़ाने की जरूरत नहीं है।

एआईएसटीए ने सरकार से मौजूदा भंडारण सीमा को 30 नवंबर को समाप्त होने देने का आग्रह किया है। उसका कहना है कि तब तक सभी चीनी मिलों के वर्ष 2026-27 के पेराई सत्र (अक्टूबर-सितंबर) में पूरी क्षमता से काम शुरू करने की उम्मीद है।

विठलानी ने बयान में कहा त्योहारों का मौसम समाप्त हो चुका है। अतिरिक्त और कम आपूर्ति वाले क्षेत्रों के बीच चीनी का सुचारु वितरण सुनिश्चित करने तथा कीमतों में स्थिरता बनाए रखने के लिए कारोबार पर लगी पाबंदियां हटाना जरूरी है। इससे आपूर्ति को लेकर किसी तरह की चिंता भी नहीं रहेगी। संघ ने थोक उपभोक्ताओं को भी भंडारण सीमा से छूट देने की मांग की है ताकि विनिर्माण और खाद्य प्रसंस्करण का काम बिना रुकावट जारी रह सके।

विठलानी ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण कंपनियों के कारखाने देश के अलग-अलग हिस्सों में हैं। चीनी को इन कारखानों तक पहुंचाने में लगने वाला समय ही मौजूदा 15 दिन की भंडारण अवधि का बड़ा हिस्सा ले लेता है। उन्होंने कहा कि थोक उपभोक्ता पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों से सीधे चीनी खरीदते हैं और उसका भुगतान तत्काल करते हैं।

इससे मिलों को किसानों के गन्ने का बकाया चुकाने के लिए समय पर धन मिलता है। वहीं औद्योगिक उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के मुताबिक गुणवत्ता वाली चीनी मिलती है और आपूर्ति में बाधा का जोखिम कम होता है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common